Rohidas Patil Death : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रोहिदास पाटिल का आज बीमारी के कारण निधन हो गया। पाटिल ने सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली।
Rohidas Patil Passes Away : वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री रोहिदास पाटिल (89) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। पाटिल पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। वह फेफड़े संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। आज सुबह करीब 11 बजे उन्होंने धुले स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और धुले (ग्रामीण) के कांग्रेस विधायक कुणाल पाटिल (Kunal Patil) के पिता थे।
रोहिदास पाटिल के परिवार में दो बेटे विधायक कुणाल, विनय पाटिल और बेटी स्मिता हैं। वह 89 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी ने राज्य की हालिया यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
रोहिदास पाटिल उत्तर महाराष्ट्र में वरिष्ठ कांग्रेस नेता के रूप में जाने जाते थे। कांग्रेस की विभिन्न सरकारों के दौरान रोहिदास पाटिल कैबिनेट मंत्री रहे थे। उन्होंने लंबे समय तक धुले ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और अब उनके बेटे कुणाल इस सीट से विधायक हैं।
पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस ने एक अनुभवी नेता खो दिया।
वहीँ, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि पाटिल फेफड़े से संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। उन्होंने धुले में कांग्रेस को मजबूत किया। भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए पवार ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।