मुंबई

शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, दो दिन से पुणे के रूबी हॉस्पिटल में चल रहा था इलाज

Sharad Pawar Health Update: NCP (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार को पुणे के रूबी हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है। मौसम में बदलाव के कारण सीने में कफ होने पर दो दिन से उनका इलाज चल रहा था।
less than 1 minute read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 11:38 AM IST
Sharad Pawar Discharged pune
शरद पवार को अस्पताल से मिला डिस्चार्ज (Photo: IANS)

Sharad Pawar News: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को बुधवार (4 नवंबर) को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत खराब होने के कारण पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी सेहत ठीक पाए जाने पर उन्हें आज सुबह अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। इस दौरान उनकी बेटी व पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले भी साथ थीं।

मिली जानकारी के मुताबिक, सीने में दर्द की शिकायत के बाद सोमवार को 85 वर्षीय पवार को अस्पताल ले जाया गया था। बताया जा रहा है कि मौसम में बदलाव के कारण वरिष्ठ नेता के सीने में कफ जमा होने से दिक्कत हो रही थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पुणे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले दो दिनों से डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।

अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज के ग्रांट के मुताबिक, शरद पवार को एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। श्वसन संबंधी सीने का दर्द (Pleuritic Pain) ऐसा दर्द है, जो आमतौर पर सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है।

डॉक्टरों ने दो दिन आराम की दी थी सलाह

शरद पवार की तबीयत में सुधार होने के बाद बुधवार को डॉक्टरों ने उनकी दोबारा जांच की। जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का फैसला लिया गया। डॉक्टरों ने उन्हें दो दिन तक आराम करने की सलाह दी थी।

इस बीच, शरद पवार को अस्पताल से घर ले जाने के लिए उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी अस्पताल पहुंचीं। फिलहाल शरद पवार की तबीयत ठीक बताई जा रही है। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद शरद पवार ने हाथ उठाकर अपने समर्थकों का अभिवादन किया।

Updated on:
4 Nov 2026, 11:38 AM IST
Published on: