
Sharad Pawar Health Update: वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। गुरुवार को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में वह रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने का फैसला किया। उनकी बेटी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि शरद पवार को डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) की शिकायत है।
सुप्रिया सुले ने अपने पोस्ट में लिखा, ''हम बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है। डॉक्टरों ने उन्हें यात्रा कम करने और आराम करने की सलाह दी है, लेकिन बाबा हमारी बात सुनते ही नहीं हैं। उन्हें अपने काम से बहुत ज्यादा लगाव है। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।''
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सुप्रिया सुले तुरंत ब्रीच कैंडी अस्पताल के लिए रवाना हो गईं। वह एनसीपी (एसपी) की एक महत्वपूर्ण बैठक में थीं। इस बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल थे।
बैठक में शरद पवार गुट के महाराष्ट्र प्रमुख शशिकांत शिंदे, पूर्व मंत्री व विधायक जितेंद्र आव्हाड और जयंत पाटील, रोहित पवार और अनिल देशमुख समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। हालांकि, पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही सुप्रिया सुले बैठक बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंच गईं। वहां उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
गौरतलब है कि दिवाली के दौरान भी 86 वर्षीय शरद पवार की तबीयत बिगड़ गई थी। उस समय उन्हें पहले पुणे और फिर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया था। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और यात्रा से बचने की सलाह दी थी। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्होंने फिर से राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं। बुधवार को ही उन्होंने पुणे में एआई की मदद से गन्ने के उत्पादन से जुड़ी जानकारी भी ली और खेतों में गए थे। हालांकि, गुरुवार को फिर से अस्वस्थ महसूस होने के बाद उन्हें अस्पताल जाना पड़ा।
फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता बनी हुई है।