मुंबई

शिवसेना विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में कपिल सिब्बल की दलील, बोले- ‘असहमति और दल-बदल में फर्क है’

Shiv Sena Disqualification Case: शिवसेना विधायकों की अयोग्यता मामले में सुप्रीम कोर्ट में कपिल सिब्बल ने कहा कि पार्टी के भीतर असहमति और सरकार गिराने के लिए दल-बदल में फर्क है। मामले में शिवसेना के नेतृत्व और चुनाव चिह्न को लेकर भी सुनवाई हो रही है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 3:54 PM IST
Shiv Sena Disqualification Case
शिवसेना विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में कपिल सिब्बल की दलील, फोटो सोर्स- ANI

Supreme Court Shiv Sena Case: महाराष्ट्र के शिवसेना विधायकों की अयोग्यता से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने दलील रखी कि पार्टी के भीतर असहमति जताना और पार्टी से अलग होकर सरकार गिराने की कोशिश करना एक बात नहीं है। शिवसेना (UBT) की ओर से पेश सिब्बल ने कहा कि अगर कोई नेता पार्टी के फैसले से असहमत है तो उसे पार्टी की बैठक बुलाकर अपनी बात रखनी चाहिए। पार्टी के भीतर चर्चा होनी चाहिए। लेकिन अगर कोई नेता यह कहने लगे कि वह मौजूदा नेतृत्व को नहीं मानता और अब वही पार्टी का नेता है, तो इसे सिर्फ असहमति नहीं कहा जा सकता।

सिब्बल ने कहा कि जब कोई व्यक्ति पार्टी के नेतृत्व को चुनौती देते हुए अपना व्हिप लागू करने की बात करता है, तो यह सरकार को गिराने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि इस मामले में यह स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि पार्टी का असली नेतृत्व और चुनाव चिह्न किसके पास है।

2024 की याचिका पर सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को चुनौती देने वाली 2024 की याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें शिंदे गुट के शिवसेना विधायकों को अयोग्य ठहराने से इनकार किया गया था। शिवसेना (UBT) ने संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत इन विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस जे.वी. मोहन की पीठ कर रही है।

शिवसेना के चुनाव चिह्न पर भी विवाद

सुप्रीम कोर्ट में एक अन्य याचिका भी सूचीबद्ध है। इसमें चुनाव आयोग के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट को आधिकारिक शिवसेना के रूप में मान्यता दी गई थी। सिब्बल ने दलील के दौरान कहा कि इस मामले में स्पष्ट फैसला जरूरी है। इससे यह तय करने में मदद मिलेगी कि शिवसेना का चुनाव चिह्न किस गुट के पास होना चाहिए।

यह विवाद जून 2022 में शिवसेना में हुए विभाजन के बाद शुरू हुआ था। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में कई विधायकों के अलग होने के बाद उद्धव ठाकरे गुट और शिंदे गुट के बीच पार्टी के नेतृत्व और चुनाव चिह्न को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है।

Updated on:
25 Nov 2026, 3:54 PM IST
Published on: