मुंबई

बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर शायना एनसी ने मांगी माफी, विरोधियों को दो टूक कहा- निष्ठा के लिए सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं

Shiv Sena Shaina NC: सोनिया गांधी की किताब 'जर्नी ऑफ लव' फाड़ते समय बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर शायना एनसी ने माफी मांगी। उन्होंने इस मुद्दे पर राजनीति करने वाले विरोधियों पर जमकर पलटवार भी किया।
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 11:04 AM IST
Shaina NC Apologizes
शायना एनसी ने फाड़ी बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर, विवाद बढ़ने पर मांगी माफी (Photo: IANS)

Shaina NC Apologizes: शिवसेना (शिंदे गुट) की राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय सचिव शायना एनसी ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गलती से दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने की घटना पर माफी मांगी है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब 'बेलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में वीर सावरकर के कथित अपमान के विरोध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घटना हुई थी। शायना एनसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सच्चे शिवसैनिकों और बालासाहेब के चाहने वालों से दिल से माफी मांगी है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि बालासाहेब ठाकरे के प्रति उनके प्रेम और निष्ठा को साबित करने के लिए उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

सोनिया गांधी की किताब फाड़ते समय फटी बालासाहेब की तस्वीर

दरअसल, सोनिया गांधी की लिखी किताब में कथित तौर पर स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर का अपमान किए जाने का आरोप लगाते हुए एकनाथ शिंदे गुट की महिला शिवसैनिकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ीं। प्रदर्शन के दौरान शायना एनसी भी मौजूद थीं।

इसी दौरान किताब की प्रति फाड़ते समय गलती से उसमें मौजूद बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फट गई। इस घटना के बाद शायना एनसी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की मनसे ने उनके खिलाफ प्रदर्शन भी किया। मामला बढ़ने पर खुद एकनाथ शिंदे अपनी नेता के बचाव में आये, हालांकि अब शायना एनसी ने 'एक्स' पर मराठी में एक पोस्ट लिखकर अपनी सफाई दी और माफी मांगी।

उन्होंने कहा, "मेरे और करोड़ों लोगों के लिए बालासाहेब केवल एक नेता नहीं, बल्कि दैवत थे। यदि मेरी अनजाने में हुई गलती से सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं दिल से उनसे माफी मांगती हूं।"

'बचपन से बालासाहेब का आशीर्वाद मिला, वे मेरे लिए देवता समान'

शायना एनसी ने अपनी पोस्ट में बालासाहेब ठाकरे के साथ अपने पुराने पारिवारिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि कुछ लोग और रिश्ते जिंदगीभर दिल के एक कोने में बसे रहते हैं। हिंदूहृदयसम्राट शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे उनके जीवन में ऐसे ही पितातुल्य और देवतुल्य व्यक्तित्व थे।

उन्होंने बताया कि जब वह छोटी थीं, तभी पहली बार बालासाहेब से मिली थीं। बालासाहेब उनके पिता के बेहद करीबी मित्र थे और उनके परिवार के साथ उनके आत्मीय संबंध थे। कई वर्षों तक उन्हें बालासाहेब का साथ और आशीर्वाद मिला। यहां तक कि उनकी शादी जैसे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी बालासाहेब विशेष रूप से उपस्थित हुए थे।

'मेरी मंशा बालासाहेब का अपमान करने की नहीं थी'

शायना एनसी ने आगे लिखा कि बालासाहेब सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के अद्वितीय और तेजस्वी नेता थे। वह प्रखर देशभक्त, कट्टर हिंदू और वीर सावरकर के बड़े प्रशंसक थे। उन्होंने अपने जीवन में कभी हिंदुत्व के विचारों से समझौता नहीं किया और कांग्रेस की विचारधारा के खिलाफ हमेशा बेबाक रुख अपनाया।

उन्होंने कहा कि पिछले दिन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बालासाहेब के विचारों का संदर्भ दिया था, लेकिन उनकी कार्रवाई और बयान का जानबूझकर गलत अर्थ निकाला जा रहा है। उनका इरादा कभी भी बालासाहेब का अनादर करने का नहीं था। बल्कि वह उनके विचारों से ही प्रेरणा लेती हैं।

शायना एनसी ने कहा, ''मेरी कार्रवाई से अगर सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के चाहने वालों की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं, तो मैं दिल से उनसे माफी मांगती हूं।''

'बालासाहेब के प्रति प्रेम साबित करने के लिए प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं'

माफी मांगने के साथ ही शायना एनसी ने अपने आलोचकों को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्रवाई का गलत अर्थ निकालकर राजनीति करने वालों को वह साफ कहना चाहती हैं कि बालासाहेब के प्रति उनके प्रेम और निष्ठा को साबित करने के लिए उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि सत्ता और स्वार्थ के लिए बालासाहेब के विचारों से समझौता करने वालों को उन्हें बालासाहेब के विचारों की सीख देने की जरूरत नहीं है। कुछ रिश्ते और भावनात्मक जुड़ाव सत्ता और स्वार्थ की राजनीति से कहीं ऊपर होते हैं।

अपनी पोस्ट के अंत में शायना एनसी ने लिखा कि बालासाहेब का आशीर्वाद और उनसे जुड़ी यादें ही उनकी असली ताकत हैं, जिसे कोई उनसे छीन नहीं सकता। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे को नमन करते हुए अपनी पोस्ट का समापन 'जय हिंद, जय महाराष्ट्र' के नारे के साथ किया।

Updated on:
19 Nov 2026, 11:04 AM IST
Published on: