
(मुंबई): एक बार फिर महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी एक चुनाव में आमने-सामने आने वाले हैं। शिवसेना महाराष्ट्र विधानपरिषद की कोंकण संभाग स्नातक सीट पर 25 जून को होने वाला चुनाव लड़ेगी। पार्टी के एक नेता ने यह बात कही कि शिवसेना एक बार फिर अपनी सहयोगी बीजेपी से दो-दो हाथ करेगी।
गौरतलब है कि शिवसेना के श्रीनिवास वनगा हाल ही में पालघर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी के राजेंद्र गावित से हार गये थे। इस बारे में शिवसेना के एक नेता ने बताया कि पार्टी ने ठाणे के पूर्व महापौर संजय मोरे को कोंकण संभाग स्नातक सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। मोरे का अन्य लोगों के साथ ही बीजेपी के निरंजन दावखारे से मुकाबला होगा। बता दें कि यह सीट पहले दावखारे के पास ही थी। पिछले महीने ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। दावखारे एनसीपी छोड़कर बीजेपी से जुड़ गये थे।
28 जून को होगी वोटों की गिनती
बीजेपी के सूत्रों ने बताया कि पार्टी पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय नवल पाटिल के बेटे अंकित विजय पाटिल को नासिक संभाग शिक्षक सीट से चुनाव में उतार सकती है। महाराष्ट्र विधान परिषद की तीन सीटों के लिए होने वाले इस द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि सात 7 है और मतगणना 28 जून को होगी। परिषद के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल सात जुलाई को समाप्त होगा।
पालघर में यह था वोटों का गणित
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही पालघर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आए थे। इस सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार राजेंद्र गावित विजयी रहे जिन्हें 29572 वोट मिले थे। इस सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार शिवसेना और बीजेपी आमने-सामने थी। दोनों ही पार्टियों के लिए यह चुनाव नाक की लड़ाई बन गया था। शिवसेना ने पालघर के दिवंगता सांसद चिंतामन वनगा के बेटे श्रीनिवास वनगा को प्रत्याशी बनाया था।