
Sunanda Sharma Jaipur Concert: अपने सुपरहिट गानों 'जट्ट यमला', 'जानी तेरा ना', 'पागल नहीं होना' और 'चोरी चोरी' से लाखों दिलों पर राज करने वाली मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा (Sunanda Sharma) इन दिनों सुर्खियों में आ गईं हैं। शनिवार शाम, 30 अक्टूबर को जयपुर में उनका एक शानदार लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। कॉन्सर्ट के दौरान माहौल बेहद खुशनुमा था, लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ कि अचानक मंच पर अफरा-तफरी मच गई। परफॉर्मेंस के बीच एक फैन अचानक सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे स्टेज पर कूद पड़ा, जिसके बाद सुनंदा शर्मा का रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सुनंदा शर्मा का जो वीडियो वायरल हो रहा है वो उनके जयपुर के बस्सी स्थित दयारामपुरा में आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में हुए कॉन्सर्ट का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सुनंदा शर्मा मंच पर बेहद एनर्जेटिक अंदाज में अपना एक पॉपुलर गाना गा रही थीं। तभी अचानक सफेद शर्ट पहना हुआ एक उत्साही फैन बैरिकेडिंग लांघकर सीधे स्टेज पर कूद पड़ा। अचानक सामने आए इस शख्स को देखकर सुनंदा बुरी तरह चौंक गईं और डर के मारे जोर से चीख पड़ीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सिक्योरिटी गार्ड्स ने बीच-बचाव किया और उस फैन को तेजी से स्टेज से नीचे उतारा। लेकिन, डर और हंगामे के बीच भी सुनंदा ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और सुरक्षाकर्मियों से कहा, "इट्स ओके, इट्स ओके।" इसके बाद अफरा-तफरी के माहौल के बीच वह तुरंत स्टेज से नीचे उतर गईं। इस अनपेक्षित घटना के बाद 34 साल की सिंगर की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन उनके फैंस इस घटना के बाद काफी चिंतित हैं।
बता दें, यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ ही समय पहले सुनंदा शर्मा ने अपनी मेंटल हेल्थ और डिप्रेशन से जुड़े संघर्ष को लेकर खुलकर बात की थी। मशहूर पॉडकास्टर शुभंकर मिश्रा के साथ एक पॉडकास्ट में उन्होंने अपने जीवन के सबसे डरावने दौर को याद करते हुए बताया था कि वह किस तरह गंभीर डिप्रेशन से जूझी थीं।
सुनंदा शर्मा ने खुलासा किया था कि वह लगभग 2 महीने और 17 दिनों तक खुद को पूरी तरह अंधेरे कमरे में आइसोलेट करके रखा था। उस दौरान वह अपने परिवार से भी मुश्किल से बात करती थीं और भूख लगने पर सिर्फ कमरे का दरवाजा खटखटाकर अपनी मां से खाना मांगती थीं। सुनंदा ने बताया था कि उन्होंने कुछ डॉक्टरों और साइकेट्रिस्ट की मदद लेने की भी कोशिश की थी, लेकिन उस अकेलेपन और मानसिक दर्द से बाहर निकलना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। लेकिन, जयपुर कॉन्सर्ट की इस नई घटना ने एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
Updated on:
1 Nov 2026, 10:28 AM IST
Published on:
1 Nov 2026, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.