मुंबई

मां, पेट में कुछ चल रहा है… अस्पताल ले जाने पर 5 महीने की गर्भवती निकली बेटी, 15 लोगों पर रेप का शक

Mumbai Crime News: पीड़ित युवती की मानसिक स्थिति को देखते हुए उससे पूछताछ करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इसके चलते संदिग्ध आरोपियों का डीएनए टेस्ट करवाया जा रहा है।
2 min read
Oct 10, 2025
Feature image
सांकेतिक तस्वीर (Photo: IANS)

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां 20 साल की एक मंदबुद्धि युवती से कई लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। यह खुलासा तब हुआ जब युवती ने अपनी मां से कहा कि उसके पेट में कुछ चल रहा है और परिजन उसे अस्पताल ले गए। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि वह गर्भवती है।

दक्षिण मुंबई में रहने वाले पीड़ित युवती के परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिनों से कह रही थी कि उसके पेट में कीड़े जैसा कुछ चल रहा है, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जांच में पता चला कि वह पांच महीने की गर्भवती है। मामले का खुलासा होने पर अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

डरी हुई है पीड़िता- पुलिस

पुलिस ने जब युवती से पूछताछ की तो उसकी मानसिक स्थिति के कारण वह कुछ बता न सकी। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसलिए पीड़ित से जानकारी जुटाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई। इसके बाद अधिकारियों ने बाल अधिकारों के लिए काम करने वाली एक सामाजिक संस्था की मदद ली। संस्था की महिला कार्यकर्ताओं ने पीड़ित युवती से बातचीत की और पांच अलग-अलग सत्र में उसका विश्वास जीतने में कामयाबी पाई। बाद में कई घंटों की काउंसलिंग के बाद युवती ने कुछ आरोपियों के नाम बताए।

DNA रिपोर्ट के बाद और गिरफ्तारियां

पीड़िता ने धीरे-धीरे कुछ आरोपियों के नाम बताए। जिन दो आरोपियों के नाम स्पष्ट रूप से सामने आए हैं, पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक 37 वर्षीय व्यक्ति और एक नाबालिग लड़का शामिल है। बाकी जिन लोगों के बारे में युवती ने बताये है, उन संदिग्धों के डीएनए नमूने लिए गए हैं। ये सभी नमूने एफएसएल लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद और आरोपियों की गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पुलिस ने फिलहाल इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(i) और 64(2)(के) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी का कहना है कि युवती की मानसिक हालत को देखते हुए उससे जानकारी निकालना बेहद संवेदनशील काम है, लेकिन अब जांच सही दिशा में बढ़ रही है।

इस घटना ने पूरे इलाके में खलबली मचा दी है। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है। एक मानसिक रूप से असहाय युवती के साथ इतनी बर्बरता इंसानियत को शर्मसार करने वाला है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पुलिस उन्हें सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी।

Updated on:
10 Oct 2025 02:22 pm
Published on:
10 Oct 2025 02:22 pm