Snake in Vande Bharat: वंदे भारत ट्रेन के बाथरूम में एक व्यक्ति ने सांप छोड़ दिया। जैसे ही इस घटना की भनक रेलवे कर्मियों को लगी वे हैरान रह गए। बाद में किसी तरह सांप को बाथरूम से पकड़ लिया गया।
Snake in Vande Bharat: वंदे भारत ट्रेन किसी न किसी वजह से अक्सर सुर्खियों में बनी रहती है। इस बार एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, वंदे भारत ट्रेन के टॉयलेट में एक शख्स ने सांप छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि यह खबर जैसे ही यात्रियों को पता चली, पूरे कोच में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल इस मामले में सांप रखने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 27 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है। आरोपी जिंदा सांप लेकर मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच C-16 में चढ़ा और बाथरूम में जाकर छोड़ दिया। जैसे ही इस बात की भनक रेलवे कर्मचारियों को लगी, तो वे सांप की तलाश करने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया गया। गनीमत थी कि सांप बाथरूम से निकलकर बाहर नहीं गया था। इसके बाद से पुलिस सांप छोड़ने वाले आरोपी की तलाश में जुट गई।
इस घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि ठाणे स्टेशन पर एक अनजान आदमी टॉयलेट के अंदर सांप रख रहा है। जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति बोरे में सांप लेकर चढ़ा था, चुपचाप बाथरूम में लेकर गया, और सांप को वहीं पर छोड़कर ठाणे स्टेशन पर उतर गया। आरोपी की पहचान करने के लिए RPF अधिकारियों ने उसे ट्रैक किया और 12 फरवरी, 2026 को उसे मुंब्रा से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि वह ट्रेन में उपद्रव करना चाहता था, इसलिए वह सांप को वंदे भारत में छोड़ दिया था। पुलिस के सामने गुनाह करने के बाद उसे कल्याण में रेलवे कोर्ट के सामने पेश किया गया, जिसमें 14 दिनों की मैजिस्ट्रियल कस्टडी रिमांड मिली। फिलहाल रेलवे एक्ट, 1989 के सेक्शन 145(B), 147, और 153 के तहत केस दर्ज किया गया है और मामले में गहन जांच की जा रही है।