मुंबई

सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहने पर घमासान, कांग्रेस पर बरसीं अंजली दमानिया, कहा- ये शोभा नहीं देता

Congress on Sunetra Pawar: कांग्रेस द्वारा महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' कहे जाने के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है। इस पर सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने कड़ी आपत्ति जताते हुए बयान की निंदा की।
2 min read
Aug 04, 2026
Baramati Bypoll Sunetra Pawar vs Congress
सुनेत्रा पवार पर कांग्रेस ने ये क्या बोला! (Photo: IANS)

NCP Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति में बीड जिले से सामने आए एक वीडियो को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। जिले की कानून-व्यवस्था पर पूछे गए सवाल के दौरान एनसीपी के वरिष्ठ नेता धनंजय मुंडे द्वारा पत्रकार को रोकने की घटना पर कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने उन्हें 'गूंगी गुड़िया' कहकर निशाना साधा। हालांकि, यह टिप्पणी एनसीपी नेताओं के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को नागवार गुजरी और उन्होंने कांग्रेस की भाषा पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसकी आलोचना की।

अंजलि दमानिया बोलीं- क्या किसी दल को ऐसी भाषा शोभा देती है?

अंजलि दमानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी महिला नेता के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है।

दमानिया ने कहा, "'गूंगी गुड़िया'? यह कैसी भाषा है? क्या किसी राजनीतिक दल को ऐसी भाषा शोभा देती है? क्या पृथ्वीराज चव्हाण को यह भाषा उचित लगती है? मैंने राष्ट्रवादी कांग्रेस के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया है, लेकिन सुनेत्रा पवार के लिए इस्तेमाल किए गए ये शब्द पूरी तरह गलत हैं। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती हूं।"

कांग्रेस ने क्या कहा था?

बीड की घटना का वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस ने सुनेत्रा पवार और धनंजय मुंडे पर निशाना साधा था। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाते हुए लिखा था कि "सुनेत्रा पवार आखिर कब तक 'गूंगी गुड़िया' बनी रहेंगी?" वहीं धनंजय मुंडे पर भी पत्रकारों को सवाल पूछने से रोकने का आरोप लगाते हुए उन्हें निशाने पर लिया गया था।

क्या है पूरा मामला?

कुछ दिन पहले बीड की प्रभारी मंत्री सुनेत्रा पवार जिला दौरे पर थीं। उन्होंने जिला योजना समिति की बैठक में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इसी दौरान एक पत्रकार ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल पूछना चाहा। आरोप है कि उसी समय धनंजय मुंडे ने पत्रकार को सवाल पूछने से रोक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया।

कांग्रेस ने इसी वीडियो के आधार पर एनसीपी नेता को लेकर सवाल उठाए और सुनेत्रा पवार पर भी कटाक्ष किया। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस्तेमाल किए गए 'गूंगी गुड़िया' शब्द को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया।

Updated on:
04 Aug 2026 11:59 am
Published on:
04 Aug 2026 11:33 am