
Sunetra Pawar: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है। अब NCP अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इस मुद्दे पर अहम संकेत दिया है। बारामती में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'जैसे ही समय आएगा, आपको सब पता चल जाएगा।' उनके इस बयान के बाद दोनों गुटों के एक होने की अटकलें और तेज हो गई हैं।
बारामती में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सुनेत्रा पवार से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने केवल इतना कहा, 'मुझे पता है कि अभी आप किसी और विषय के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं; लेकिन मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि सही समय आने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।' उनके इस संक्षिप्त बयान को विलय की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
पिछले कुछ समय से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पहले इस तरह की किसी चर्चा से इनकार किया जा रहा था, लेकिन हाल के दिनों में कई वरिष्ठ नेताओं के बयानों ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।
इस साल जनवरी में अजित पवार के निधन के बाद दोनों गुटों के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। अब सुनेत्रा पवार के बयान से यह स्पष्ट है कि इस विषय पर दोनों खेमों में चर्चा जारी है। हालांकि, उन्होंने विलय को लेकर किसी तारीख या आधिकारिक फैसले की घोषणा नहीं की है। लेकिन उन्होंने एनसीपी के विलय से भी इनकार नहीं किया है।
एनसीपी के विलय की चर्चाओं को उस समय और हवा मिली, जब अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार ने शरद पवार से चंद दिनों के अंतराल में दो बार मुलाकात की। दरअसल, शरद पवार पिछले सप्ताह इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसी दौरान प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने पहुंचे थे।
इस मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने बताया था कि शरद पवार ने उनसे कहा था कि 10 तारीख के बाद हम एक साथ बैठेंगे। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि दिवाली के बाद दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे का बयान भी अहम माना जा रहा है। उन्होंने हाल ही में कहा था कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के बीच विलय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी। तटकरे के इस बयान के बाद विलय की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं।
इससे पहले दोनों गुटों के नेताओं की ओर से इस मुद्दे पर अलग-अलग बयान सामने आते रहे थे। ऐसे में सभी की नजरें आने वाले दिनों में होने वाली संभावित बैठक और दोनों पक्षों के वरिष्ठ नेताओं के अगले कदम पर टिकी हैं।