मुंबई

कांग्रेस के ‘गूंगी गुड़िया’ तंज पर सुनेत्रा पवार बोलीं- सही समय पर दूंगी जवाब; NCP ने दी चेतावनी

Sunetra Pawar NCP vs Congress: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' कहे जाने पर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद गहरा गया है। एनसीपी ने कांग्रेस से सार्वजनिक माफी और पोस्ट हटाने की मांग की है।
2 min read
Aug 05, 2026
Maharashtra Dycm Sunetra Pawar
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (Photo: IANS)

Gungi Gudiya Row: महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को लेकर की गई ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस की ओर से इस्तेमाल किए गए इस शब्द पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे महिलाओं का अपमान बताया है। विवाद इतना बढ़ गया कि NCP कार्यकर्ता मुंबई स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। उस समय महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल वहां पत्रकार वार्ता कर रहे थे। इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा, "मैं उचित समय पर इसका जवाब दूंगी।"

कांग्रेस कार्यालय के बाहर NCP का विरोध

कांग्रेस की कथित टिप्पणी के विरोध में NCP कार्यकर्ताओं ने मुंबई स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने अपने रुख का बचाव करते हुए कहा कि सुनेत्रा पवार को अपने काम से जवाब देना चाहिए।

सुनील तटकरे ने कांग्रेस को दी चेतावनी

NCP के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के आधिकारिक एक्स अकाउंट से की गई पोस्ट उसकी "वैचारिक दिवालियापन" का प्रमाण है।

तटकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी महिला नेता के खिलाफ व्यक्तिगत और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि वह महाराष्ट्र की महिलाओं और सुनेत्रा पवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।

उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों का मुकाबला विचारों से होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों से। महिलाओं के सम्मान से समझौता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रफुल पटेल ने भी जताई नाराजगी

एनसीपी के वरिष्ठ नेता व कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल पटेल ने भी कांग्रेस की ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का नेतृत्व सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी जैसी महिला नेता करती हैं, उसी पार्टी के आधिकारिक मंच से एक महिला उपमुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

प्रफुल पटेल ने कांग्रेस से विवादित पोस्ट तत्काल हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति में महिलाओं का अपमान कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा।

क्या है पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत तब हुई जब कुछ दिन पहले बीड की प्रभारी मंत्री सुनेत्रा पवार जिला दौरे पर थीं। उन्होंने जिला योजना समिति की बैठक में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इसी दौरान एक पत्रकार ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल पूछना चाहा। आरोप है कि उसी समय धनंजय मुंडे ने पत्रकार को सवाल पूछने से रोक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया। इसी को लेकर कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के लिए 'गूंगी गुड़िया' शब्द का इस्तेमाल किया था। बीड की घटना का वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस ने कहा था, "सुनेत्रा पवार आखिर कब तक 'गूंगी गुड़िया' बनी रहेंगी?"

Updated on:
05 Aug 2026 08:33 am
Published on:
05 Aug 2026 08:18 am