मुंबई

Raksha Bandhan: राजनीति से परे भाई-बहन का वो अनकहा प्यार! सुप्रिया सुले ने शेयर की बचपन की वो मीठी यादें, जो हर आंख को कर देंगी नम

Supriya Sule Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर सुप्रिया सुले ने दिवंगत भाई अजित पवार को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की। पुरानी तस्वीर के साथ उन्होंने बचपन की यादें ताजा कीं और कहा कि दादा की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।
2 min read
Aug 28, 2026
Supriya Sule Ajit Pawar
कलाई सूनी, दिल में बस यादें... रक्षाबंधन पर दिवंगत भाई अजित पवार को याद कर छलका सुप्रिया सुले का दर्द। (फोटो सोर्स-ANI)

Raksha Bandhan News: रक्षाबंधन का त्योहार इस बार NCP (SP)सांसद सुप्रिया सुले के लिए आसान नहीं रहा। भाई अजित पवार की याद में उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके साथ की एक पुरानी तस्वीर शेयर की और अपने दिल की बात लिखी। सुप्रिया ने कहा कि इस बार राखी पर दादा उनके साथ नहीं हैं और यह बात उन्हें अंदर से बहुत परेशान कर रही है।

उन्होंने लिखा कि करीब सात महीने पहले अजित पवार अचानक दुनिया से चले गए। उस दिन को याद करके आज भी उन्हें यकीन नहीं होता कि दादा अब उनके बीच नहीं हैं।

'लगता है दादा अचानक सामने आ जाएंगे'

सुप्रिया ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए लिखा कि वह और अजित दादा साथ बड़े हुए। बचपन में दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़े भी होते थे, लेकिन एक-दूसरे के लिए प्यार हमेशा बना रहा।

उन्होंने लिखा कि आज भी कभी-कभी ऐसा लगता है कि अजित दादा अचानक कहीं से सामने आ जाएंगे। वह उन्हें राखी बांधेंगी, फिर परिवार के साथ बैठकर बातें होंगी, हंसी-मजाक होगा और घर में पहले जैसी रौनक लौट आएगी। लेकिन अब यह सिर्फ एक याद बनकर रह गया है।

'आपका प्यार हमेशा मेरे साथ रहे'

सुप्रिया ने कहा कि अजित पवार के जाने के बाद परिवार में जो जगह खाली हुई है, उसे कोई नहीं भर सकता। उन्होंने दादा से जुड़े अपने प्यार को याद करते हुए कहा कि वह जहां भी हों, उनका प्यार और आशीर्वाद हमेशा उनके साथ बना रहे।

रक्षाबंधन पर भाई को याद करते हुए सुप्रिया की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रही। तस्वीर और उनकी बातों से साफ था कि इस खास दिन पर उन्हें अपने भाई की बहुत याद आई।

राजनीति अलग पर भाई-बहन का रिश्ता अलग

अजित पवार और सुप्रिया सुले की राजनीति कई बार अलग-अलग दिशा में रही। दोनों अलग राजनीतिक गुटों में रहे और उनके बीच राजनीतिक मतभेद भी सामने आए। लेकिन इन सबके बीच भाई-बहन का रिश्ता अपनी जगह बना रहा।

सुप्रिया की इस पोस्ट में भी राजनीति की बात कम और भाई की याद ज्यादा नजर आई। उन्होंने बचपन में साथ बिताए दिनों और परिवार के साथ जुड़ी यादों को याद किया।

पुरानी तस्वीर के साथ याद किए दादा

सुप्रिया ने रक्षाबंधन की पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि भाई के साथ बिताए छोटे-छोटे पल आज उनके लिए बहुत खास हो गए हैं। कभी साथ खेलना, कभी झगड़ना और फिर साथ बैठकर हंसना, ये सभी यादें अब उनके पास हैं।

अजित पवार के अचानक चले जाने के बाद परिवार के लिए यह बड़ा दुख है। रक्षाबंधन जैसे दिन पर यह कमी और ज्यादा महसूस होती है।सुप्रिया की पोस्ट में एक बहन का अपने भाई के लिए प्यार और उसकी कमी का दर्द साफ दिखाई दिया। उन्होंने बस यही चाहा कि दादा का प्यार और आशीर्वाद हमेशा उनके साथ बना रहे।

Updated on:
28 Aug 2026 11:30 am
Published on:
28 Aug 2026 11:29 am