मुंबई

पाकिस्तान से तनाव के बीच मुंबई में मंडराते दिखा संदिग्ध ड्रोन, मचा हड़कंप, कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू

Mumbai on Alert : पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है और शहर के महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
2 min read
• •
Updated: 9 May 2025, 12:30 PM IST
Mumbai Police on Alert
नए साल के जश्न पर मुंबई पुलिस का कड़ा पहरा (Photo: IANS/File)

India Pakistan Tension : पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। अपने दर्जनों आतंकियों को खोने के बाद पाकिस्तान गीदड़ भभकी दे रहा है। भारतीय सेना उसकी हर हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। कल रात फिर पाकिस्तान ने भारत में हवाई हमले की कोशिश की, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। इसके अलावा बीती रात जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश कर रहे जैश-ए-मोहम्मद के सात आतंकियों को ढेर कर दिया गया।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। स्थानीय लोगों ने मुंबई के साकीनाका इलाके (Mumbai Sakinaka Drone) में एक संदिग्ध ड्रोन देखे जाने का दावा किया है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को सहार एयरपोर्ट से इस संबंध में सूचना मिली है। इसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है।

मुंबई पुलिस हुई सतर्क

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हजरत तैय्यद जलाल मस्जिद के ऊपर यह ड्रोन दिखाई दिया था। कुछ ही पलों में वह ड्रोन साकीनाका झोपड़पट्टी इलाके की ओर चला गया। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया, और सुरक्षा की दृष्टि से साकीनाका पुलिस थाने ने ड्रोन का पता लगाने के लिए तुरंत कोम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस की कई टीमें इलाके में जांच कर रहीं हैं। इस मामले में साकीनाका पुलिस और सीआईएसएफ ने हरी मस्जिद जरीमरी क्षेत्र के आसपास में आज सुबह कोम्बिंग ऑपरेशन किया। हालांकि, इसमें ऐसा कोई ड्रोन नहीं मिला है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस पूरी तरह से सतर्क है।

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई के साकीनाका इलाके में आज सुबह करीब 5 बजे एक संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने जरीमारी इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि शहर में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध के बावजूद किसी स्थानीय व्यक्ति ने ड्रोन उड़ाया है।

गौरतलब हो कि मुंबई पुलिस पहले से हाई अलर्ट पर है और शहर के महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। शहर में मौजूद सरकारी इमारतों, सरकारी आवासों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए है। मुंबई पुलिस ने तटीय इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। सभी थानों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Updated on:
9 May 2025, 12:30 PM IST
Published on: