
Swapnali Sawant Murder Case: महाराष्ट्र के रत्नागिरी में करीब चार साल पहले हुए स्वप्नाली सावंत हत्याकांड में अदालत ने मुख्य आरोपी पति सूर्यकांत गजानन सावंत और उसके साथी व नौकर प्रमोद उर्फ पम्या बाबू रावणंग को बड़ा झटका दिया है। रत्नागिरी अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने दोनों के जमानत आवेदन खारिज कर दिए हैं। दोनों के जमानत अर्ज 7 नवंबर 2026 को अलग-अलग आदेशों के जरिए खारिज किए गए।
मामला 31 अगस्त 2022 का है। स्वप्नाली ने शाम को अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह अपनी बेटी के साथ पति के घर पर है और अगले दिन गणपति के लिए घर आएगी। हालांकि, 1 सितंबर को वह घर नहीं पहुंची। मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और तलाश शुरू की गई। 2 सितंबर को स्वप्नाली के परिवार ने पुलिस थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। इसी दौरान उसके पति सूर्यकांत ने भी पत्नी के लापता होने की शिकायत पुलिस में दी। हालांकि, स्वप्नाली के परिजनों ने पति सूर्यकांत और उसके नौकर प्रमोद पर शक जताया था।
10 सितंबर को स्वप्नाली की मां और अन्य रिश्तेदार सूर्यकांत के घर पहुंचे। वहां विवाद के दौरान सूर्यकांत ने कथित तौर पर पत्नी पर अपनी प्रतिष्ठा खराब करने और झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता महिला के दावे के मुताबिक, इसी दौरान सूर्यकांत ने कथित तौर पर बताया कि उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर स्वप्नाली की गला घोंटकर हत्या की और शव को जला दिया। इसके बाद शव की राख समुद्र में फेंकने की बात भी सामने आई। इसी कथित कबूलनामे के आधार पर आगे पुलिस ने मामला दर्ज किया।
बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि दोनों आरोपी चार साल से ज्यादा समय से जेल में हैं और मामले में अभी 41 गवाहों की गवाही होना बाकी है। इसके बावजूद अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने आरोपी पति के कथित आपराधिक रिकॉर्ड, उसके खिलाफ दर्ज 10 मामलों और स्वप्नाली की हत्या से पहले उस पर कथित जानलेवा हमले से जुड़े लंबित आरोपों को भी महत्वपूर्ण माना। वहीं, आरोपी प्रमोद के मामले में हड्डियों के अवशेष, राख और DNA रिपोर्ट से मिलने वाली कथित पुष्टि को भी जमानत खारिज करने के आधारों में शामिल किया गया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ए. एम. आंबळकर ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर अलग-अलग आदेश जारी करते हुए उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया।
स्वप्नाली और सूर्यकांत की शादी करीब 19 साल पहले हुई थी। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और वे अलग-अलग रह रहे थे। स्वप्नाली ब्युटी पार्लर और कपड़े की दुकान चलाती थीं। उनके दो बच्चे, बेटा साहिल और बेटी सलोनी हैं। परिवार की शिकायत के अनुसार, स्वप्नाली ने अपनी मां को बताया था कि उसका पति उसके चरित्र पर शक करता है और उसे जान से मारने की धमकी देता है। यह भी आरोप लगाया गया था कि पति ने एक साल पहले पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद स्वप्नाली ने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
रत्नागिरी शहर पुलिस थाने में दर्ज इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201 और 120-B के तहत केस दर्ज किया गया था। फिलहाल, अदालत ने दोनों आरोपियों को जमानत देने से इनकार कर दिया है और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है।