मुंबई

नासिक कांड पर TCS का एक्शन: 9 FIR के बाद आरोपी कर्मचारी सस्पेंड, यूनिट पर लगेगा ताला!

TCS Nashik Case: नासिक में मल्टीनेशनल आईटी कंपनी टीसीएस के मुस्लिम कर्मचारियों पर हिंदू महिलाओं को नौकरी के ऑफर देकर लुभाने, उनका यौन शोषण करने और कथित तौर पर उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगा हैं। इस मामले में एचआर सहित 7 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
2 min read
Apr 12, 2026
TCS Sexual Harassment Religious Conversion Case
नासिक यौन शोषण और धर्मांतरण मामले में टीसीएस की बड़ी कार्रवाई (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में सामने आए यौन उत्पीड़न और कथित धर्मांतरण मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। देश की दिग्गज आईटी कंपनी टीसीएस की नासिक यूनिट पर अब ताला लगने की नौबत आ गई है, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस बीच, कंपनी ने आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए मल्टीनेशनल आईटी कंपनी टीसीएस ने अपने कर्मचारियों को नासिक यूनिट में आने से रोक दिया है। कंपनी ने नासिक यूनिट के कामकाज में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। अब कर्मचारियों को मुंबई और पुणे के प्रोजेक्ट्स में शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। ऐसे में कर्मचारियों के सामने विकल्प है कि वे या तो दूसरे शहरों में शिफ्ट हों या फिर नई नौकरी की तलाश करें। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

कंपनी बोली- जीरो टॉलरेंस नीति, जांच के आधार पर कार्रवाई

TCS ने आधिकारिक बयान में कहा है कि मामले की जानकारी मिलते ही जांच के दायरे में आए कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि शोषण के खिलाफ उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही कंपनी ने यह भी कहा कि वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

9 एफआईआर दर्ज, 7 कर्मचारी गिरफ्तार

इस पूरे विवाद में अब तक कुल 9 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। मामला पिछले महीने मार्च में तब सामने आया, जब एक महिला ने सहकर्मी पर शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था।

नासिक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में जांच बेहद गोपनीयता से की गई और मामले का पर्दाफाश हो गया। जांच आगे बढ़ने पर इसी तरह के और मामलों का खुलासा हुआ, जिसके बाद अतिरिक्त शिकायतों के आधार पर 8 और एफआईआर दर्ज की गईं।

अब तक कम से कम 7 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में एक एचआर और छह टीम लीडर शामिल है। एचआर पर मामले में कार्रवाई नहीं करने और मामले को दबाने का आरोप है।

SIT जांच के आदेश, CM ने बताया गंभीर मामला

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने नासिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

टीसीएस जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में कथित यौन शोषण और धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद न केवल नासिक बल्कि पूरे आईटी सेक्टर में चिंता का माहौल है। फ़िलहाल इस मामले की विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई है।  

Updated on:
12 Apr 2026 05:26 pm
Published on:
12 Apr 2026 05:25 pm