मुंबई

Mumbai: सिलेंडर ब्लास्ट या कुछ और… मस्जिद के पास तेज धमाका, तीन मंजिला चॉल ढही, 12 घायल, कई दबे

Mumbai Bandra Explosion : शुरुआती जांच में पता चला है कि सिलेंडर में धमाके के बाद तीन मंजिला चॉल अचानक ढह गई। मौके पर फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस के अलावा फॉरेंसिक टीम भी मौजूद है।
2 min read
Jul 18, 2025
Bandra Bharat Nagar blast
मुंबई के बांद्रा में तीन मंजिला चॉल ढही, बचाव कार्य जारी

मुंबई के बांद्रा (पूर्व) के भारत नगर इलाके (Bharat Nagar Bandra East) में शुक्रवार सुबह एक भीषण हादसा हुआ। सुबह करीब 7:50 बजे एक जोरदार धमाके के बाद एक मस्जिद से सटी तीन मंजिला चॉल भरभराकर ढह गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि सिलेंडर में धमाके के बाद चॉल अचानक ढह गई। मौके पर फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस के अलावा फॉरेंसिक टीम भी मौजूद है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह धमाका चॉल संख्या 37 में सिलेंडर फटने की वजह से हो सकता है। हालांकि, ब्लास्ट की असली वजह की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। चश्मदीदों के अनुसार, यह हादसा एक मस्जिद के पास हुआ जिससे मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड ने लेवल-2 अलर्ट घोषित किया और बड़ी संख्या में बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा।

मलबे से निकाले गए 12 लोग

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, अब तक मलबे से 12 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन मलबे में अभी भी 2-3 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

फोरेंसिक टीम मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां, मुंबई पुलिस और मुंबई नगर निगम (BMC) की टीमें मौके पर मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और जांच जारी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन से बड़ी जनहानि टल गई। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौके पर अब भी तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर है और जल्द ही मलबे को हटा लिया जाएगा।

Updated on:
18 Jul 2025 12:14 pm
Published on:
18 Jul 2025 12:09 pm