मुंबई

दो बाघों के बीच भयंकर लड़ाई में एक की मौत, महाराष्ट्र में 4 महीनों में 21 की जा चुकी है जान

पिछले चार महीनों में महाराष्ट्र में कुल 21 बाघों की मौत हुई है, जो देश में सबसे अधिक है। हालांकि महाराष्ट्र में चार वर्षों में बाघों की संख्या 312 से बढ़कर 444 हो गई है।

less than 1 minute read
Apr 29, 2025
Tiger Reserve News- image social media

Tiger Death : महाराष्ट्र के नागपुर जिले के दक्षिण उमरेड वन क्षेत्र से एक बाघ का शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो बाघों के बीच हुई खूनी लड़ाई में एक बाघ की मौत हुई है। वन विभाग (Forest Department) ने आशंका जताई है कि यह घटना चार से पांच दिन पहले घटी होगी।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मृत बाघ की उम्र लगभग 18 से 20 महीने के बीच थी। बाघ के शरीर का मुआयना करने पर उसके सभी अंग सुरक्षित पाए गए, लेकिन शरीर का मध्य भाग मांसाहारी जानवरों द्वारा खाया हुआ प्रतीत होता है। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि लड़ाई के तुरंत बाद बाघ की मौत हो गई और उसके शव को कुछ जंगली जानवरों ने खाया होगा।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ के शव को कब्जे में लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने राज्य में वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

4 महीने में 21 बाघों की मौत

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले चार महीनों में महाराष्ट्र में कुल 21 बाघों की मौत हुई है, जो देश में सबसे अधिक है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के अनुसार, जनवरी 2025 से अब तक देशभर में 63 बाघों की मृत्यु हुई है, जिनमें महाराष्ट्र टॉप पर है। इन मौतों के पीछे मुख्य कारण बाघों के बीच संघर्ष, दुर्घटनाएं, अवैध शिकार और प्राकृतिक वजह बताये जा रहें हैं।

2022 में हुए बाघ गणना में भारत में कुल 3,167 बाघ पाए गए थे। तब महाराष्ट्र में 444 बाघ मिले थे, जबकि राज्य में 2018 में 312 बाघ दर्ज हुए थे।

Updated on:
29 Apr 2025 05:16 pm
Published on:
29 Apr 2025 05:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर