मुंबई

Big Accident: भाई दूज से पहले दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बोलेरो ने 6 को कुचला, 5 की मौत

Maharashtra Accident : महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई।

2 min read
Nov 03, 2024
File Photo

Maharashtra Nandurbar News : महाराष्ट्र में आज (3 नवंबर) भाई दूज का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस बीच नंदुरबार में एक दुखद घटना हुई है, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है। इससे पीड़ित परिवारों में मातम पसर गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नंदुरबार तालुका के पिंपलोद गांव के पास एक भयानक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है। तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने सड़क किनारे खड़ी 3 बाइकों को टक्कर मारते हुए कई लोगों को कुचल दिया।

यह भीषण हादसा शनिवार की रात करीब 8 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा बोलेरो चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की वजह से हुआ। घायलों को इलाज के लिए नंदुरबार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना रात 8 बजे नंदुरबार से धनोरा रोड पर लोय पिंपलोद गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक मोटरसाइकिल खराब हो गयी थी। इसे ठीक करने के लिए दो अन्य मोटरसाइकिलों पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां काफी अंधेरा था। तभी एक बोलेरो नंदुरबार से धनोरा की ओर तेजी से जा रही थी। कथित तौर पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क के किनारे खड़े तीन बाइकों को टक्कर मार दी। तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने के बाद बोलेरो भी पलट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने योगेश कालूसिंह नाइक, राहुल धर्मेंद्र वलवी, अनिल सोन्या मोरे, चेतन सुनील नाइक, श्रीकृष्ण लाल सिंह ठाकरे को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नंदुरबार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, दुर्घटना की खबर पाकर जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पीड़ितों के गांव में मातम पसरा हुआ है।

Updated on:
03 Nov 2024 04:44 pm
Published on:
03 Nov 2024 03:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर