
Uddhav Thackeray on SIR: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आंदोलन के ऐलान के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह पहले आतंकवादी लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित करते थे, वैसा ही कुछ अब सरकार की ओर से किया जा रहा है।
मुंबई में लेखिका वैदेही तामण की पुस्तक 'लल देद: कश्मीरची आई' के विमोचन समारोह में उद्धव ठाकरे ने एसआईआर प्रक्रिया और हिंदुत्व समेत कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उद्धव ठाकरे ने कहा, ''अपने ही देश की ओर से हमें मतदान का अधिकार नकारा जाना, यह वैसा ही है जैसा उस समय (जम्मू-कश्मीर में) आतंकवादी करते थे। अब सरकार भी ऐसा ही कर रही है क्या, ऐसा लग रहा है?''
उन्होंने कहा कि अपने ही देश के नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित करना बेहद गंभीर बात है।
इस कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे ने अपने हिंदुत्व की विचारधारा को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''हम हिंदू धर्म के कट्टर, दृढ़ और अभिमानी समर्थक हैं। लेकिन हमारा हिंदुत्व देशप्रेम से जुड़ा हुआ है।''
उन्होंने आगे कहा कि अगर इंसान के मन में ताकत और आत्मविश्वास हो, तो उसे किसी चीज की कमी महसूस नहीं होती। मन की ताकत सबसे महत्वपूर्ण होती है।
गौरतलब है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर नए आंदोलन का ऐलान किया है।