उद्धव ने भाजपा पर टीका टिपण्णी की बजाय सरकार पर निशाना लगाया...
(मुम्बई): भाजपा के खिलाफ हमेशा आक्रामक दिखने वाली शिवसेना ने अब अपना रुख नरम कर लिया है। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को मीडिया के सामने पहली बार भाजपा पर किसी भी प्रकार की टीका टिपण्णी करने से बचते रहे। आगामी लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव को लेकर शिवसेना भवन में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए उद्धव ने भाजपा पर टीका टिपण्णी की बजाय सरकार पर निशाना लगाया।
आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना पर उद्धव ने सकारात्मक प्रतिसाद दिया। उद्धव के रवैये को देखते हुए आगामी दिनों में समझैते की अपेक्षा की जा सकती है। बैठक में भी उद्धव भाजपा के खिलाफ बयानबाजी से बचते रहे। उद्धव का यह रवैया देख शिवसेना के सांसद , विधायक, जिला प्रमुख, अन्य पदाधिकारी अचंभित थे। उनका मानना था कि हर बार की तरह इस बार भी उद्धव भाजपा पर कड़ा प्रहार करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
आशाओं से उलट काम कर रही सरकार
इस मौके पर उद्धव ने कहा कि राज्य में सूखा की स्थिति गंभीर है। बड़े पैमाने पर किसान आत्महत्या के लिए मजबूर है। ऐसे में सरकार को किसानों के मदद के लिए हाथ खोल देने चाहिए। जबकि यह सरकार लोगों को आकड़ों में उलझने का काम कर रही है। उद्धव ने कहा कि राज्य में सर्वाधिक जरूरी कृषि को बचाना है। किसानों को राहत देने में सरकार को प्राथमिकता बरतनी चाहिए। जबकि इसके उलट हो रहा है।
25 को अयोध्या कूच करेगी शिवसेना
राममंदिर के सवाल के जवाब में उद्धव ने कहा कि शिवसेना ने सबसे पहले राममंदिर निर्माण की मांग पर जोर दिया है। आगामी 25 नवंबर को शिवसेना के लोग अयोध्या जायेंगे। इससे रामन्दिर के निर्माण कार्य को लेकर जहाँ सरकार की आँख खुलेगी वही हिन्दू जागृत होगा। केंद्र की मोदी सरकार को निशाना बनाते हुए उद्धव ने कहा कि यदि सरकार में बैठे भाजपा के लोग राममंदिर का निर्माण नहीं करते हैं तो इन्हें सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। शिवसेना राम मंदिर के लिए आगे बढ़ चुकी है अब नहीं रुकेगी , जबतक राम मंदिर का निर्माण कार्य नहीं हो जाता है।
शिवसेना की बैठक आगामी लोकसभा और विधान सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी। इस बैठक में आगामी दिनों में शिवसेना के किए जाने वाले दौरे, कार्यक्रम , सूचनाएं आदि पर चर्चा की गई। उद्धव ने बैठक में पार्टी के प्रचार प्रसार के।लिए जोर दिया। आगामी 17 तारीख को शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि को भी जोर शोर से मनाने का आदेश पदाधिकारियों को दिया।