
देश से मानसून की वापसी (Withdrawal of Monsoon 2025) की यात्रा 14 सितंबर से शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिसला थमने के साथ ही मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है। लेकिन जाते-जाते महाराष्ट्र (Maharashtra Weather Forecast) में मानसून फिर तेवर दिखाएगा। 24 सितंबर को बंगाल की खाड़ी पर एक कम दबाव का क्षेत्र (LPA) बनने की संभावना है, जो 28 सितंबर तक राज्य में प्रवेश कर सकता है। इसके प्रभाव से 26 से 28 सितंबर के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई (IMD Mumbai) के अनुसार, अगले 24 घंटे उत्तर कोकण के कुछ क्षेत्रों में बिजली और तूफान के साथ तेज बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बिजली और मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण कोकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी आने की संभावना जताई गई है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह बारिश फिर सक्रिय होगी और कम से कम 30 सितंबर तक राज्य में बारिश जारी रहने की संभावना है। 22 से 25 सितंबर के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बादल गरजने के साथ तूफानी बारिश होगी, जो मुख्य रूप से दोपहर के बाद होगी। 26 सितंबर से एलपीए का असर महाराष्ट्र पर ज्यादा दिखने लगेगा और विदर्भ व मराठवाड़ा के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
इसके बाद 27 सितंबर को मुंबई समेत कोंकण, मराठवाड़ा, खानदेश, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भारी बारिश हो सकती है, और कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है। 28 सितंबर को भी राज्य के पश्चिमी हिस्सों में बारिश का जोर कायम रह सकता है।
बता दें कि महाराष्ट्र से मानसून की विदाई 5 अक्टूबर के आसपास शुरू होती है, जबकि 10 अक्टूबर तक मुंबई से वापस लौटता है। लेकिन इस बार मानसून की वापसी में कुछ दिन की देरी होने की संभावना है।
नागरिकों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि पहले से ही जारी अत्यधिक वर्षा के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियाँ बन सकती हैं। उधर, कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे मौसम के अनुसार अपनी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और पहले से काटी गई फसलों को बारिश और तेज हवाओं से सुरक्षित रखें।
मुंबई में बारिश की दमदार वापसी हुई है। हालांकि इस पूरे सप्ताह मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम के जानकारों का कहना है कि मुंबई में पूरे हफ्ते बारिश जारी रह सकती है। दरअसल पश्चिमी हवाएं एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं और इसके कारण आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।
इस बीच, पिछले दो हफ्तों की भारी बारिश के चलते मुंबई ने सितंबर महीने के अपने औसत बारिश को पार कर लिया है। सांताक्रूज मौसम केंद्र पर अब तक 410 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि औसत 380 मिमी है। जून से अब तक उपनगरों में 2,904 मिमी और कोलाबा तटीय मौसम केंद्र पर 1,930 मिमी बारिश दर्ज की गई है।