Rain Alert for Diwali 2025: महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक गरज के साथ बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है।
Weather Update: महाराष्ट्र (Maharashtra Weather Forecast) से अब मानसून लगभग पूरी तरह लौट चुका है। राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश थम गई है और केवल पूर्वी विदर्भ के गढ़चिरौली के कुछ हिस्सों में ही मानसून सक्रिय है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने दिवाली के दौरान राज्य में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है।
गणपति, नवरात्रि और दशहरा जैसे त्योहारों में बरसने के बाद अब दिवाली में भी बारिश पीछा नहीं छोड़ेगा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 15 से 20 अक्टूबर के बीच महाराष्ट्र (Maharashtra Weather Update) में बारिश जोर पकड़ सकती है। इस वजह से इस बार दिवाली में पटाखों की आवाज के साथ-साथ आंधी बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट की आवाज भी सुनाई दे सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 20 अक्टूबर के बीच यानी नरक चतुर्दशी (दिवाली) तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आंधी, बिजली और बारिश ये तीनों मिलकर मौसम का ट्रिपल अटैक कर सकते हैं। हालांकि इस दौरान अधिकांश जगहों पर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हलकी से मध्यम बारिश भी हो सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
वहीं, मौसम के जानकारों का कहना है कि पश्चिम महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बुधवार से अगले कुछ दिनों तक बारिश शुरू रहने की संभावना है। जबकि मुंबई और उससे सटे जिलों में भी जल्द ही बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं, 16 अक्टूबर से बारिश होने की अधिक संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विदर्भ में 16 अक्टूबर तक बिजली गिरने, मध्य महाराष्ट्र में 17 अक्टूबर तक और मराठवाड़ा में 16 अक्टूबर तक, कोंकण में 17 अक्टूबर तक बिजली के साथ गरज की संभावना है। इस दौरान बारिश की बौछारें पड़ने के आसार हैं। यहां जानिए कब किन जिलों के लिए है अलर्ट-
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि गढ़चिरौली के कुछ हिस्सों को छोड़कर महाराष्ट्र और गोवा से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो चुकी है। विभाग का अनुमान है कि जल्द ही राज्य के शेष इलाकों से भी मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। महाराष्ट्र से मानसून की विदाई इस साल 10 अक्टूबर को उत्तर कोकण, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, उत्तर मराठवाड़ा और पश्चिम विदर्भ से शुरू हुई थी।
मुंबई में पिछले हफ्ते से ही सूखे मौसम की स्थिति बनी हुई है और दिन में परा चढ़ने से उमसभरी गर्मी महसूस हो रही है। लेकिन अब राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक बारिश होने की उम्मीद है। इसके चलते नागरिकों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।