मुंबई

कौन है IPS अधिकारी देवेन भारती? जो बने मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर, फडणवीस के रहे हैं चहेते

Deven Bharti new Mumbai Police Commissioner : 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेन भारती महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस के पसंदीदा अधिकारी माने जाते हैं।

2 min read
Apr 30, 2025

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर आज रिटायर हो रहे हैं। जिसके चलते आज शाम में भारती मुंबई के शीर्ष पुलिस अधिकारी के रूप में कार्यभार संभालेंगे। 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी भारती अभी मुंबई पुलिस के स्पेशल कमिश्नर हैं।

महाराष्ट्र के गृहविभाग ने आईपीएस देवेन भारती की नियुक्ति के बारे में आदेश जारी किया, लेकिन इस पद को घटाकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) रैंक का कर दिया। दरअसल मुंबई पुलिस कमिश्नर का पद एडीजीपी रैंक का होता है। लेकिन पिछली कुछ नियुक्तियों में इसे बढ़ाकर महानिदेशक (डीजी) रैंक का किया गया था।

जनवरी 2023 में महाराष्ट्र सरकार ने आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई का विशेष पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया था। भारती इससे पहले महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे। दिलचस्प बात यह है कि राज्य सरकार द्वारा पहली बार मुंबई पुलिस कमिश्नर का विशेष पद (Special Mumbai Police Commissioner) बनाया गया था। अब तक मुंबई पुलिस में स्पेशल कमिश्नर जैसा कोई पद नहीं था।

देवेन भारती को जॉइंट पुलिस कमिश्नर (कानून और व्यवस्था), जॉइंट सीपी, ईओडब्ल्यू (EOW) और अतिरिक्त सीपी क्राइम ब्रांच के तौर पर मुंबई में काम करने का लंबा अनुभव है। वह महाराष्ट्र एटीएस (Maharashtra ATS) के प्रमुख भी रह चुके है।

फडणवीस सरकार में अहम जिम्मेदारी

देवेन भारती को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का पसंदीदा अधिकारी माना जाता हैं। 2014 से 2019 की अवधि में जब फडणवीस राज्य के मुख्यमंत्री थे, तब भारती को कई महत्वपूर्ण पदों की कमान मिली थी। फडणवीस सरकार ने शुरू में उन्हें जॉइंट पुलिस कमिश्नर (कानून और व्यवस्था) के पद पर नियुक्त किया। बाद में उन्हें अतिरिक्त डीजीपी के रूप में पदोन्नत कर आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) का मुखिया बनाया गया।

एमवीए सरकार में बदला रुतबा!

उद्धव ठाकरे नीत महाविकास अघाड़ी सरकार (MVA) के दौरान देवेन भारती को महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम (Maharashtra State Security Corporation) के संयुक्त प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। हालांकि महायुति की पिछली शिंदे-फडणवीस सरकार ने भारती की जगह संयुक्त आयुक्त (यातायात) राजवर्धन (Rajvardhan) को नियुक्त कर दिया था।

हाई-प्रोफाइल मामलों की कर चुके है जांच

देवेन भारती मुंबई के कई हाई-प्रोफाइल मामलों सहित शहर के कुछ शीर्ष जांचों का भी हिस्सा रह चुके है। वह उस जांच टीम का भी हिस्सा थे जिसने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों, वरिष्ठ पत्रकार जेडे हत्याकांड (J Dey) की हत्या की छानबीन की थी।

वह उन अधिकारियों में से एक थे जिन पर महाराष्ट्र सरकार ने 26/11 हमले के आतंकी अजमल कसाब (Ajmal Qasab) को फांसी पर लटकाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। भारती को राज्य में आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन (Indian Mujahideen) की कमर तोड़ने के लिए भी जाना जाता है।

विवेक फणसालकर को दिया गार्ड ऑफ ऑनर

विवेक फणसालकर (Vivek Phansalkar Retire Today) 35 साल तक पुलिस बल की सेवा करने के बाद आज 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सम्मान में आज मुंबई में विदाई समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। परंपरा के अनुसार उन्हें भी खुली जीप में बैठाकर रस्सी से खींचकर पुलिस मुख्यालय के बाहर छोड़ा गया। इस जीप को मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने खींचा।

Published on:
30 Apr 2025 03:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर