मुंबई

अजित पवार के घर के सामने किसने की अघोरी पूजा? मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

Ajit Pawar Baramati house : अजित पवार के आवास के पास फुटपाथ पर हल्दी और कुमकुम से सने नींबू, नारियल और अन्य वस्तुएं मिलीं, जिससे संदेह जताया जा रहा है कि किसी ने वहां जादू-टोना या अघोरी अनुष्ठान किया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2025, 4:32 PM IST
NCP Ajit pawar
एनसीपी प्रमुख अजित पवार (Photo: X/NCP)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बारामती स्थित आवास के पास फुटपाथ पर हल्दी और कुमकुम से सने नींबू, नारियल और अन्य वस्तुएं मिलीं, जिससे संदेह जताया जा रहा है कि किसी ने वहां जादू-टोना या अघोरी अनुष्ठान किया है। इस घटना ने पूरे शहर में हलचल मचा दी है। सहयोग सोसायटी के ठीक सामने फुटपाथ पर अघोरी पूजा जैसा सामान मिलने से नागरिकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए सहयोग सोसायटी परिसर में निकले, तो अजित पवार के घर के पास फुटपाथ पर फोड़ा हुआ नारियल, हल्दी-कुमकुम, फूल, कटे हुए नींबू और प्रसाद जैसी सामग्री रखी हुई देखी। इन वस्तुओं को देखकर यह शक जताया जा रहा है कि यह जादू-टोने या अघोरी पूजा से जुड़ा मामला हो सकता है। सूचना मिलते ही कुछ सजग नागरिकों ने तुरंत उसे किनारे कर दिया, लेकिन कुछ ही देर में यह खबर पूरे शहर में फैल गई।

इस घटना के बारे में अब तक बारामती पुलिस ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि, नागरिकों की मांग है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि यह सामान किसने और क्यों रखा। उपमुख्यमंत्री के घर के इतने करीब किसी सामान्य व्यक्ति की हिम्मत यह सब करने की नहीं हो सकती। जबकि कुछ इसे सिर्फ अनजान व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया सामान मान रहे हैं।

गौरतलब हो कि महाराष्ट्र की 246 नगरपालिकाओं और 42 नगर पंचायतों पर 2 दिसंबर को मतदान होगा। ऐसे समय पर सामने आई इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। घटना के पीछे की वजह चाहे जो भी हो, लेकिन इसने एनसीपी प्रमुख अजित पवार की सुरक्षा पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच स्थानीय पुलिस अपने स्तर पर इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
19 Nov 2025, 4:32 PM IST
Published on: