
धुरंधर 2 का ट्रेलर हुआ पोस्टपोन
Dhurandhar 2 Trailer: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' इसी महीने 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर आने वाली है। फिल्म रिलीज में मज 16 दिन बचे हैं। लेकिन फिल्म का ट्रेलर रिलीज नहीं हुआ है। पहले खबर थी कि आज यानी 3 मार्च को धुरंधर 2 का ट्रेलर रिलीज कर दिया जाएगा, पर ऐसा हुआ नहीं। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे। अब इसका बड़ा कारण सामने आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, धुरंधर 2 का ट्रेलर 3 मार्च को ही आना था लेकिन चंद्र ग्रहण की वजह से ऐसा हो नहीं पाया।
हाल ही में बॉलीवुड हंगामा पर एक रिपोर्ट छपी, जिससे पता लगा कि ‘धुरंधर 2’ यानी द रिवेंज का ट्रेलर 3 मार्च को रिलीज होने की खबरें अफवाहें नहीं थीं। कहा जा रहा है कि मेकर्स ने सच में इसे आज के ही दिन रिलीज करने का प्लान बनाया था। आखिरी वक्त पर उन्हें पूरे प्लान में बदलाव करना पड़ा। जब पता चला कि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण है, जिसे नई शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है। जो सुबह 9:39 बजे से शाम 6:46 बजे तक रहेगा। वहीं, ट्रेलर आमतौर पर दोपहर के आसपास लॉन्च किए जाते हैं। ऐसे में टीम ने ट्रेलर रिलीज को पोस्टपोन करने का फैसला किया।
रणवीर सिंह की इस फिल्म के टीजर को आए लगभग एक महीना हो चुका है। हालांकि, टीजर को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी क्योंकि उसमें नए सीन कम और पुरानी फिल्म की झलकियां ज्यादा थीं, फिर भी इसे 17 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। अब फैंस को उम्मीद थी कि 3 मार्च को ट्रेलर में कुछ नया देखने को मिलेगा, लेकिन ग्रहण ने उनकी उम्मीदों पर फिलहाल पानी फेर दिया है। चर्चा है कि अब मेकर्स बिना किसी तामझाम के 5 या 6 मार्च को सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेलर उतार सकते हैं।
‘धुरंधर 2’ की राह इस बार आसान नहीं होने वाली है। फिल्म का सीधा मुकाबला साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) से होने जा रहा है। दोनों फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। हालांकि, पलड़ा फिलहाल रणवीर सिंह का भारी लग रहा है क्योंकि ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की ऐतिहासिक कमाई की थी। अब देखना यह होगा कि निर्देशक आदित्य धर ट्रेलर लॉन्च के लिए कौन सी नई तारीख चुनते हैं और क्या यह फिल्म पहले पार्ट की सफलता को दोहरा पाएगी।
Published on:
03 Mar 2026 03:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
