
महाराष्ट्र (Maharashtra Crime) के नासिक जिले (Nashik News) से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नासिक-मुंबई महामार्ग पर गरवारे बस स्टॉप इलाके में प्रेम संबंधों के विवाद में 38 वर्षीय संतोष उर्फ छोटू काले की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने दो अन्य साथियों की मदद से संतोष को पत्थरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतक संतोष काले अपने परिवार के साथ नासिक के ओल्ड सिडको इलाके के लेखानगर कॉलोनी में रहता था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात संतोष घर से बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो कुछ पता नहीं चला, जिसके बाद इंदिरानगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस संतोष (38) की तलाश में जुटी ही थी कि शनिवार सुबह गरवारे बस स्टॉप के पीछे एक अज्ञात शव मिला। जांच में पता चला कि वो शव संतोष का ही था। उसके सिर और शरीर पर बड़े पत्थर से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पिता अशोक रामा काले (55) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके बेटे ने पहले ही शक जताया था कि उसकी पत्नी पार्वती के प्रफुल्ल कांबले नामक शख्स से अवैध संबंध हैं। लेकिन इस बात को परिवार ने गंभीरता से नहीं लिया था। दो दिन पहले इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी हुआ था। कथित तौर पर इसी रंजिश में पार्वती और प्रफुल्ल ने मिलकर संतोष की निर्मम हत्या की।
हत्या का मामला दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संतोष की पत्नी पार्वती को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका प्रेमी प्रफुल्ल कांबले अहिल्यानगर (अहमदनगर) फरार हो गया। बाद में अहमदनगर जकर्र पुलिस टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में है, जबकि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पति-पत्नी के अटूट रिश्ते को कलंकित करने वाली यह घटना अब नासिक में चर्चा का विषय बन गई है।