मुंबई

Maharashtra: महिला ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो दरिंदे ने मालगाड़ी के आगे धकेला, तड़प-तड़प कर हुई मौत

वारदात को अंजाम देने के बाद जब आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, तभी रेलवे पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके खिलाफ हत्या और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
2 min read
Jul 20, 2025
Train news
प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo- Patrika

महाराष्ट्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ठाणे जिले के दिवा रेलवे स्टेशन पर सुबह-सुबह एक हृदय विदारक घटना हुई। एक शख्स ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और जब उसने विरोध किया तो अरोपी ने उसे मालगाड़ी के सामने धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, यह भयावह वारदात दिवा स्टेशन के पास हुई। प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर आरोपी राजन सिंह का एक महिला के साथ विवाद हुआ। इसके बाद महिला पटरियों पर चलते हुए कल्याण की ओर जाने लगी। आरोपी भी महिला का पीछा करते हुए पीछे-पीछे चलने लगा और जबरन उससे नजदीकी बढ़ाने की कोशिश करने लगा। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने बगल कि पटरी पर आ रही मालगाड़ी के सामने महिला को धक्का दे दिया और फरार हो  गया। मालगाड़ी से कटने की वजह से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस बीच घटना की सूचना जैसे ही रेलवे पुलिस को मिली वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राजन शिवनारायण सिंह (39) को गिरफ्तार कर लिया है। उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मृतक महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजन महिला के पीछे-पीछे चल रहा था और जबरन उससे नजदीकी बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसने मालगाड़ी आते ही उसे धक्का दे दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद जब राजन सिंह रेलवे ट्रैक पर पैदल जा रहा था, तभी रेलवे पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उस पर हत्या और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अदालन ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।

अधिकारियों ने बताया कि वारदात के समय आरोपी नशे में था। वह अविवाहित है और दिवा इलाके में ही रहता है। पेशे से वह ड्राइवर है। जबकि मृतक महिला स्टेशन परिसर में ही कचरा बीनने और बोतलें इकट्ठा करने का काम करती थी।

इस घटना के बाद लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। साथ ही स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। उधर, यात्रियों ने भी मांग की है कि स्टेशन पर सुरक्षाबलों की मौजूदगी बढ़ाई जाए, सीसीटीवी निगरानी को सख्त किया जाए और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल तैनात किए जाएं।

Published on:
20 Jul 2025 05:20 pm