
महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक वारदात ने सबको झकझोर दिया। वाकड के कालाखडक इलाके में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी का नाम दिलावर सिंह (25) है, जबकि मृतका की पहचान मेरी मल्लेश तेलगु (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच कई सालों से प्रेम संबंध थे, लेकिन हाल के दिनों में दिलावर को शक था कि उसकी प्रेमिका मेरी का किसी और व्यक्ति से रिश्ता है। शनिवार को दोनों एक लॉज में मिले, जहां दिलावर ने मेरी का जन्मदिन मनाया। केक काटने के कुछ देर बाद उसने मेरी का मोबाइल देखा, जिसमें उसकी दूसरे व्यक्ति के साथ अश्लील तस्वीरें मिलीं। यह देख दिलावर आग बबूला हो गया। इसके बाद उसने प्रेमिका से तस्वीर को लेकर पूछताछ की तो उनमें बहस शुरू हो गई। जिसके बाद गुस्से में उसने चाकू और लोहे की चीज से मेरी पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद दिलावर सीधे पुणे के कोंढवा पुलिस थाने पहुंचा और खुद अपराध कबूल किया। चूंकि वारदात कालाखडक इलाके में हुई थी इसलिए वाकड पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। दिलावर सिंह अभी पुलिस की हिरासत में है।
पुलिस उपायुक्त विशाल गायकवाड़ के मुताबिक हत्या के पीछे शक और विश्वासघात की भावना मुख्य वजह हो सकती है। दोनों की मुलाकात छह साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी और कुछ समय से उनके रिश्ते में तनाव चल रहा था।
मेरी देहूरोड में रहती थी और पुणे के एक डी-मार्ट स्टोर में नौकरी करती थी। जबकि आरोपी दिलावर सिंह पिसोली इलाके में रहता था और छोटा होटल चलाता है। दोनों की पहचान छह साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। उनमें दोस्ती बढ़ती गई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। लेकिन उनकी इस प्रेम कहानी का बेहद दर्दनाक अंत हुआ।