
Tiranga Yatra by Rakesh Tikait: मुजफ्फरनगर में किसान क्रांति दिवस मनाने की बात कहते हुए राकेश टिकैत ने 9 अगस्त को राष्ट्रीय क्रांति दिवस घोषित कर देने की मांग की। टिकैत ने कहा कि ट्रैक्टर मार्च सरकार के अत्याचारों से मुक्ति का अभियान है।
शुक्रवार यानी आज राकेश टिकैत ने पेरिस ओलंपिक में हिस्सा ले रही रेसलर विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने के पीछे भारत सरकार की साजिश बताई। टिकैत ने कहा, ‘किसानों का दिल जीता लेकिन भारत सरकार की साजिश ने विनेश फोगाट को हरा दिया। इस साजिश में देश के मंत्री, रेसलर फेडरेशन और काफी लोग शामिल हैं’। जीआईसी मैदान से शुरू हुई ये तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा शहर के कई सड़कों से गुजरकर वापस उसी जगह पर समाप्त हुई।
राकेश टिकैत ने कहा कि 9 अगस्त के दिन ही भारत छोड़ो आंदोलन शुरू किया गया था और आज के दिन से ही देश को आजाद कराने की मुहिम चालू की गई थी। नौ अगस्त राष्ट्रीय क्रांति दिवस घोषित होना चाहिए। तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा के कई जिलों में रोके जाने पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि लोकतंत्र में यदि तिरंगा यात्रा भी रोक दी जाएगी तो फिर धरने प्रदर्शन कौन करने देगा।