
मुजफ्फरनगर। वाट्सऐप न्यूज ग्रुप एक समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर सहारनपुर में तैनात इंस्पेक्टर के साथ ही ग्रुप एडमिन के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डीजीपी के ट्विटर अकाउंट पर मामले की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है।
दरअसल वाट्सऐप पर चल रहे एक न्यूज ग्रुप में बुधवार को नरेंद्र कुमार नाम के व्यक्ति ने आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। वह यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर है और इस समय सहारनपुर में तैनात है। पोस्ट के वायरल होते ही संबंधित समुदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। शाम को ही लोगों ने शहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कपरवाइन ने अपने क्षेत्र का मामला नहीं होने के चलते एफआईआर दर्ज करने से हाथ खड़े कर दिए थे। नरेंद्र ने भी पोस्ट के लिए माफी मांग ली उसके बाद तहरीर वापस ले ली गई। इसी दौरान किसी ने डीजीपी के ट्विटर अकाउंट पर इसकी शिकायत कर दी।
मामले में इंस्पेक्टर की संलिप्तता को गंभीर मानते हुए डीजीपी ने कार्रवाई के आदेश दिए। रात में ही सुभाषनगर निवासी इसरार अली की तहरीर पर इंस्पेक्टर और ग्रुप एडमिन अरशद राना के खिलाफ नई मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि उन्होंने नया फोन खरीदा था, जिस पर वाट्सऐप डाउनलोड किया था। यह पोस्ट उनके मोबाइल पर कहीं से आई थी, जिसे वह डिलीट करना चाहते थे, लेकिन जानकारी नहीं होने के चलते पोस्ट दो वाट्सऐप ग्रुप पर शेयर हो गई।