मुजफ्फरनगर

अगर इन सीटों पर हुई भाजपा की जीत तो विपक्षी दलों को नहीं मिलेगा ये आरोप लगाने का मौका

इस बार इस तरह होने जा रहा है इन सीटों पर उपचुनाव
3 min read
• •
Updated: 28 Apr 2018, 6:01 PM IST
Feature image

शामली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल.वेकेंटश्वर लू ने कहा है कि प्रत्येक बूथ पर ईवीएम के साथ वीवीपेट (वोटर वेरीफाएबल पेपर आडिट ट्रेल) लगाई जाएगी। साल 2019 में सभी लोकसभा क्षेत्रों में यह व्यवस्था रहेगी, लेकिन उससे पहले कैराना लोकसभा व नूरपुर विधानसभा सीट में 100 फीसद वीवीपेट का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईवीएम में गड़बड़ी की बातें केवल भ्रम व गलतफहमी है। ईवीएम से छेड़छाड़ तकनीकी रूप से कतई संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण के साथ ही मतदाता वोटर आइडी वितरण भी तेजी से कराया जाएगा।

गौरतलब है कि कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद से ही सभी विपक्षी दल ईवीएम में सांठगांठ करने के आरोप लगा रहे हैं। इस चुनाव में वीवीपेट का इस्तेमाल होने से किसी भी राजनीतिक दल को उंगली उठाने का मौका नहीं मिलेगा क्योंकि वीवीपेट में वोट डालने के बाद एक पर्ची निकलती है जिससे मतदाता को पता चल जाता है कि उसने अपना वोट जिस दल को दिया है उसी को गया है। वीवीपेट से इन दोनों सीटों कैराना और नूरपुर में चुनाव होने से अगर भाजपा जीत दर्ज करती है तो विपक्षी दलों को ईवीएम छेड़छाड़ का आरोप लगाने का मौका नहीं मिलेगा।

शुक्रवार को कलक्ट्रेट में मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल.वेकेंटश्वर लू कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह तकनीकि रूप से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ईवीएम जनपद में आने पर बिना बिना राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खुलती है। चार स्तर पर इसकी जांच की जाती है, इसलिए इसमें छेड़छाड़ की कोई गुंजाइश ही नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि उपचुनाव में कैराना व नूरपुर में ईवीएम के साथ वीवीपेट लगाई जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र की रेंडम आधार पर गिनती कराई जाएगी। इसके लिए ईवीएम चयन भी लाटरी सिस्टम से कराया जाएगा, ताकि पूरी पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने महिलाओं के वोट फीसद पर कहा कि महिलाओं का वोट फीसद कहीं-कहीं कम है, लेकिन इसे बढ़ाने के लिए मजबूत तरीके से काम किया जा रहा है। विस्थापितों के नामों की जांच कराकर यदि कहीं कोई छूट रहा है तो उसे भी मतदाता सूची में शामिल करने का काम किया जाएगा।

वोट फीसद बढ़ाने के लिए सभी को जागरूक होकर काम करना होगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही प्रत्येक वर्ग को मिलजुलकर इसके लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भयमुक्त व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पुलिस, पीएसी के साथ ही पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती रहेगी।

वहीं संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। कहा कि मतदाता निर्भीक होकर चुनाव में भाग ले। प्रत्येक स्थान पर अधिकारी भ्रमण कर पूरी व्यवस्था की जानकारी ले। साथ ही, चुनाव में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का काम किया जाए। इस अवसर पर उप निर्वाचन अधिकारी, कमिश्नर सहारनपुर, डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी देवरंजन वर्मा डीएम व एसपी मुजफ्फरनगर मौजूद रहे।

Published on: