
मुजफ्फरनगर। जनपद में थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने ग्रह कलह के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दरअसल, थाना भोपा क्षेत्र के गांव तिस्सा निवासी ऋषिपाल पुत्र सीतेराम पिछले लगभग एक माह से अपनी पत्नी के साथ नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव अलमासपुर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि ऋषिपाल का अपनी मां के साथ किसी बात को लेकर अनबन थी। शुक्रवार को उसकी अपनी मां के साथ फोन पर कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने अपनी पत्नी को गांव सहावली स्थित उसके मायके भेज दिया।
वहीं जब मकान मालिक उसके कमरे की ओर आया तो उसे ऋषिपाल फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसने ऋषिपाल के परिजनों को इसकी सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना नई मंडी पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की छानबीन शुरु कर दी।