मुजफ्फरनगर

Female Wrestler Protest: पहलवानों के सम्मान की लड़ाई लड़ेगी सर्वखाप, सोरम सर्वखाप चौपाल में जुटेंगे खाप चौधरी

Female Wrestler Protest पहलवानों के सम्मान की लड़ाई के लिए सर्वखाप आगे आई है। मुजफ्फरनगर की सोरम सर्वखाप चौपाल में खाप चौधरी जुटकर इस मामले में आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 31 May 2023, 3:08 PM IST
ma3121.jpg

Female Wrestler Protest दिल्ली में जंतर-मंतर से हरियाणा के पहलवानों का धरना हटाए जाने के बाद अब हरियाणा के पहलवानों को सर्वखाप से न्याय दिलाने की उम्मीद जगी है। मुजफ्फरनगर की सोरम सर्वखाप चौपाल से पहलवानों के सम्मान की लड़ाई लड़ी जाएगी।

इस मसले पर एक जून को यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली की खाप पंचायतों के प्रतिनिधि आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी इसमें शामिल होंगे।

हरियाणा के पहलवानों ने मंगलवार को अपने मेडल गंगा में बहाने का प्रयास किया था। लेकिन हरिद्वार पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के समझा बुझाकर वापस भेजे जाने पर पहलवानों के चेहरों पर उदासी नजर आई।










हरिद्वार से पहलवानों को किसी तरह मनाकर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और गठवाला खाप के थांबेदार श्याम सिंह रात शहर के सरकुलर रोड स्थित आवास पर पहुंचे।

भाकियू नेता गौरव टिकैत ने बताया कि एक जून को सोरम चौपाल पर खाप प्रतिनिधियों और समाज के जिम्मेदार लोगों की बैठक होगी। इसी बैठक में पहलवानों के समर्थन में भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।

हरिद्वार में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने पहलवानों को पांच दिन का समय दिया है, जिसके अंतर्गत सोरम चौपाल पर ही रणनीति बनाई जाएगी।

संयुक्त किसान मोर्चा ने किया देशव्यापी प्रदर्शन का एलान
संयुक्त किसान मोर्चा ने एक जून को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया। कहा गया है कि भारतीय पहलवानों द्वारा विरोध करने के लोकतांत्रिक अधिकार को सुरक्षित करने, समाज के अन्य सभी वर्गों और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग करने के लिए देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

ट्रेड यूनियनों, महिलाओं, युवाओं, छात्रों और बुद्धिजीवियों के साथ भी समन्वय किया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा भी पांच जून को भारतीय कुश्ती महासंघ बृजभूषण शरण सिंह के पुतले जलाएगा।

Published on: