
मुजफ्फरनगर। जहां विवादों में घिरी संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत पर देशभर में भड़क रही हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है, वहीं मुज़फ्फरनगर के पुलिस प्रशासन द्वारा एक सिनेमाहाॅल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को फिल्म का पहला शो चलवाया गया है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि अब कोई इस फिल्म का विरोध नहीं करेगा, क्योंकि सब लोग सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करेंगे।
चलाया पहला शो
गौरतलब है कि फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की नई फिल्म पद्मावत के लिए देश के अलग-अलग राज्यों के जनपदों के साथ ही मुजफ्फरनगर में भी राजपूत समाज के कई संगठनों ने हंगामा किया था। विरोध को खत्म करने के लिए बुधवार शाम को मुजफ्फरनगर के चंद्र सिनेमाहॉल में कड़ी सुरक्षा के बीच पद्मावत का पहला शो चलाया गया, लेकिन दहशत के चलते कई दर्शक नहीं पहुंचे। शो देखने आए राकेश का कहना था कि फिल्म काफी अच्छी है। कई लोग डर के कारण नहीं आए इस वजह से दर्शक कम आए हैं। उन्हें भी थोड़ा डर था। उन्होंने कहा कि इसमें कोई विवादित सीन नहीं है।
अब नहीं करेगा कोई विरोध
चंदा सिनेमाहॉल के मैनेजर आशिफ ने बताया की पद्मावत फिल्म के 6 से 9 के शो में 42 दर्शक आए थे। उन्हें भी चेतावनी मिली थी कि फिल्म चलाई तो सिनेमाहॉल में आग लगा दी जाएगी। पुलिस सुरक्षा मिली हुई है। उधर, एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस के साथ PAC बल भी लगाया गया है। इस फिल्म को लेकर जो लोग विरोध कर रहे हैं, पुलिस उनके लगातार संपर्क में है। उन्हें लगता है कि कोई अब इस फिल्म का विरोध नहीं करेगा।