
Road Accident: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव भैसाना के पास रोडवेज बस ने दो बाइक को टक्कर मार दी। इन बाइक पर पांच वर्षीय एक बच्ची समेत कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हायर सेंटर ले जाते वक्त इन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस भीषण दुर्घटना में एक मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोपों में मामला दर्ज किया है। सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए हैं।
यह दुर्घटना में मुजफ्फरनगर मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर भैसाना गांव के पास दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। दो बाइक सवारों को सामने से आ रही एक रोडवेज बस ने अपनी चपेट में ले लिया। एक बाइक पर दो मौसेरे भाई थे और दूसरी बाइक पर पांच वर्षीय बच्ची समेत जीजा और बहनोई सवार थे। यह दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि तीन घायलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद भीड़ इकट्ठा हो गई। चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों और आस-पास के लोगों ने पुलिस को खबर करते हुए घायलों को सड़क से उठाया और उन्हे पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने तीन घायलों को मृत घोषित कर दिया जबकि दो को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर ले जाते समय इन दोनों घायलों ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार एक बाइक पर मौसेरे भाई इदरीश और साजिद सवार थे। ये दोनों कांधला कस्बे के रहने वाले थे लेकिन मूल रूप से भौरांकला के पास स्थित गांव सावटी के रहने वाले थे। ये दोनों बाइक पर सवार होकर कस्बा कांधला से अपने गांव जा रहे थे। दूसरी बाइक पर
फरमान अपनी पांच वर्षीय बेटी अल्ले और बहनोई मोमीन के साथ सवार था। ये लोग भी मुजफ्फरनगर से खरीददारी करके अपने गांव तमेला गढ़ी लौट रहे थे। रास्ते में मोड़ पर सामने से आ रही बस ने दोनों के अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद दुर्घटना स्थल चीखपुकारों से गूंज उठा। बाइक सवारों के गंभीर रूप से घायल होने जाने की वजह से दुर्घटना पर खून फैल गया।
पुलिस ने पहले घायलों को अस्पताल भिजवाया जहां से उन्हे मृत घोषित कर दिए जाने के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में इनके शव रखवा दिए गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही सभी के परिवार वाले मुजफ्फरनगर अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। अस्पताल में अपनों के शव देखकर परिवारों की चीख निकल गई। दुर्घटना के बाद से इनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरी दुर्घटना की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेने की कोशिश की जा रही है और आस-पास के सीसीटीवी कैमरा भी खंगाले जा रहे हैं।