मुजफ्फरनगर

केंद्रीय मंत्री पहुंचे रैनबसेरा और ठंड से पाई राहत

केंद्रीय मंत्री ने किया रैन बसेरों का निरीक्षण लोगों को व्यवस्था को बेहतर बनाने का दिया आश्वासन

2 min read

मुजफ्फरनगर. उत्तर भारत में पिछले दिनों हुई बारिश ओलावृष्टि के बाद पहाड़ी इलाकों में बर्फ पड़ने के कारण ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। इसके चलते गरीब और बेसहारा लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मुजफ्फरनगर जिले में केंद्रीय पशुपालन डेयरी और मत्स्य राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने गरीब और बेसहारा लोगों के लिए भीषण सर्दी से बचाव के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री ने रोडवेज बस स्टैंड रेलवे स्टेशन स्थित शेल्टर हाउस और साईं धाम मंदिर के नजदीक अस्थाई रैन बसेरा का निरीक्षण किया। जहां उन्हें रोडवेज बस स्टैंड पर अलाव जलता मिला। वहां उन्होंने लोगों से हालचाल जाना, जिसके बाद साईं धाम मंदिर के निकट अस्थाई रैन बसेरे का निरीक्षण किया।

वहां, उन्हें अलाव तो जलता मिला मगर बारिश के चलते अस्थाई रैन बसेरे की हालत खराब मिली, जिसमें रात गुजारने वाले लोगों ने केंद्रीय मंत्री से अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने रेन बसेरे में रात गुजार रहे लोगों को व्यवस्था को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार को गरीब और बेसहारा लोगों को कंबल देने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने गरीब और बेसहारा लोगों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल भी दिए, जिसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन स्थित शेल्टर हाउस का भी निरीक्षण किया। वहां उन्हें सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली।

शेल्टर हाउस में बताया जा रहा है कि लगभग 50 लोगों के ठहरने की जगह है। वहां भी केंद्रीय मंत्री ने व्यवस्थापक और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को कंबल बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के साथ अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार और नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि जैसे ही ठंड का प्रकोप बढ़ा, उन्होंने नगर में अलाव की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही रैन बसेरों में लोगों के रुकने के लिए व्यवस्था को बेहतर बनाया गया और कंबलों का भी वितरण किया जा रहा है।

Published on:
15 Dec 2019 01:08 pm
Also Read
View All