मुजफ्फरनगर

कोरोना का खौफ: मुंबई से घर लौट रहे लोगों का वाहन दुर्घटनग्रस्त, 22 घायल

Highlights- मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ कोतवाली क्षेत्र के पानीपत खटीमा राजमार्ग की घटना- गंभीर हालत में दर्जनभर घायलों को जिला अस्पताल में किया गया भर्ती- मुंबई में मजदूरी आदि करते थे बिजनौर के रहने वाले सभी लोग
2 min read
• •
Updated: 23 Mar 2020, 11:44 AM IST
mzf.jpg

मुजफ्फरनगर. जनता कर्फ्यू के दौरान बंद हुए वाहनों की वजह से फंसे 22 लोग उस समय सड़क हादसे का शिकार हो गए, जब वह एक पिकअप वाहन में सवार होकर घर के लिए निकल रहे थे। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां लोगों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

दरअसल, घटना मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ कोतवाली क्षेत्र के पानीपत खटीमा राजमार्ग की है। जहां गांव चित्तौड़ा ईंट-भट्टे के पास मुजफ्फरनगर से बिजनौर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पिकअप सवार 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप सवार सभी 22 लोग जनपद बिजनौर के रहने वाले है, जो मुंबई में मजदूरी आदि करते थे। ये सभी लोग ट्रेन से रविवार सुबह मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। जनता कर्फ्यू के कारण इन मजदूरों ने एक पिकअप गाड़ी मुजफ्फरनगर से बिजनौर के लिए किराए पर ली। जब ये लोग ग्राम चित्तौड़ा के निकट पहुंचे तो अचानक उनकी गाड़ी पलट गई, जिसमें सवार फरमान, मोहम्मद आलम, शानू, रिहान, इस्माइल, सादाब, सरताज, ईसपाक , अनस, हारून, अब्दुल्ला, सुभान, साजिद, अरशद, गौरव, नईम, मोहम्मद आलम, मोहम्मद उमर, जावेद समेत कुल 22 लोगों को गंभीर चोटे आई हैं।

Published on: