जिले में लगे जनता कर्फ़्यू के बीच ग्रेटर नोएडा में दो और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। सीएमओ अनुराग भार्गव के अनुसार, युवक नोएडा की बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है। बीमारी से पीड़ित 37 वर्षीय युवक और उनकी मां 15 मार्च को डेनमार्क से लौटे थे। लौटने के बाद युवक में कोरोना के लक्षण पाये गए, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 19 मार्च को युवक का नमूना लिया। अगले दिन उसकी मां में भी कोरोना के लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने नमूना लिया। रविवार को दोनों कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों को इलाज के लिए जिम्स भेज दिया गया है। वहीं इनके संपर्क में आए 10 लोगों को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में बने कोरेंटाइन में रखा गया है।