Highlights - मुजफ्फरनगर के सिसोली कस्बे में सड़कों पर बिछी बर्फ की मोटी चादर - बच्चों ने की जमकर मस्ती तो युवाओं ने ली बर्फ के साथ सेल्फी - कई घंटों तक सड़कों पर ही जमी रही बर्फ
मुजफ्फरनगर. उत्तराखंड से सटे यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में इन दिनों सर्वाधिक ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। शनिवार को यहां हुई भारी ओलावृष्टि के चलते सड़कों पर शिमला जैसा नजारा देखने को मिला। थाना भोराकलां क्षेत्र के कस्बा सिसौली में सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई। जहां बच्चे मस्ती करते नजर आए, वहीं वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई। कई घंटों तक करीब आधा फीट बर्फ की चादर बिछी रही। इसके बाद नगर पंचायत ने जेसीबी की मदद से बर्फ को सड़कों से हटवाया।
दरअसल, शनिवार देर रात मुजफ्फरनगर में मौसम अचानक बदल गया और बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी के दौरान मुजफ्फरनगर के भोराकलां थाना क्षेत्र के कस्बा सिसौली में बिजली की तेज गर्जना के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। लोग जब सुबह सोकर उठे तो कस्बे का नजारा देखकर हैरान रह गए। सड़कों पर किसी हिल स्टेशन की तरह बर्फ की मोटी परत बिछी थी। यह देख लोग घरों से बाहर निकल आए। बच्चे जहां बर्फ में मस्ती करने लगे, वहीं युवा वर्ग बर्फ के साथ सेल्फी लेता नजर आया। इस दौरान फिसलन बढ़ने से वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हुई। जिसके बाद नगर पंचायत कर्मियों ने जेसीबी बुलवाकर बर्फ की परत को सड़कों से हटवाया और ट्रैक्टर-ट्राॅली में बर्फ को भरकर वहां से हटाया गया।
फसलों को नुकसान
अति ओलावृष्टि के कारण सबसे ज्यादा नुकसान सरसों की फसल को हुआ है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने बताया कि ओलावृष्टि से किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समय सरसों की फसल को ज्यादा नुकसान हुआ है। वहीं, यहां के ज्यादातर किसान आंदोलन में दिल्ली गए हुए हैं।