
मुजफ्फरनगर में बड़ा सड़क हादसा (Image: Muzaffarnagar Police 'X')
Road Accident in Muzaffarnagar: यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हुआ है। यहां पानीपत-खटीमा हाईवे (Panipat-Khatima Highway) पर चरथावल कट के पास सड़क के किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई।
पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुए सड़क हादसे में शामली के जलालाबाद निवासी नाजिम (32) और उनकी भाभी रजिया (32) की मौत हो गई है। इसके अलावा नाजिम की मौसी नाजो गंभीर रूप से घायल है। नाजो को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाजिम अपनी भाभी रजिया और मौसी नाजो को लेकर कार से मेरठ जा रहे थे। रास्ते में दूधेड़ पुलिस चौकी से आगे पुल के नीचे चरथावल कट पर पहुंचते ही उनकी स्विफ्ट कार पीनना बाईपास की ओर खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से टकरा गई।
ट्रक से टकराने के बाद कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने सुनी। आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को निकालने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा जैसे बम फट गया हो। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार, ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में फंसे 2 लोगों में नाजिम और रजिया को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, नाजिम की मौसी नाजो की हालत गंभीर थी। लोगों ने बताया कि लोगों को बाहर निकालते ही कार में तेज आग लग गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
स्थानीय लोगों की सूचना पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कार में लगी आग बुझाई और पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना पर SSP संजय कुमार वर्मा, SP सिटी अमृत जैन, ASP सिद्धार्थ के मिश्रा सहित कई पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
19 May 2026 09:58 pm
Published on:
19 May 2026 09:55 pm
बड़ी खबरें
View Allमुजफ्फरनगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
