
प्रियरंजन भारती की रिपोर्ट...
(मुजफ्फरपुर): बिहार में अपराधी बेखौफ होते जा रहे है। यह दहशतगर्द सरेराह गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। ऐसा ही एक मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है जहां बाइक सवार बदमाशों ने सड़क पर आराम फरमा रहे दो लोगों पर रात के अंधेरे में फायरिंग की और फरार हो गए। पीड़ित युवकों की हालत गंभीर है जिनका इलाज चल रहा है।
पीछे से आए और दग दी गोलियां
यह घटना शुक्रवार देर रात हुई। मिली जानकारी के अनुसार मुस्तकीम और सरफराज संजय सिनेमा रोड से बीती रात एक शादी समारोह में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। दोनों ब्रह्मपुरा थाने के मेंहदी हसन चौक के निकट सड़क किनारे बैठ आराम करने लगे। तभी बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। मुस्तकीम के कंधे और हाथ में तीन गोलियां लगीं जबकि सरफराज को पैर में गोली मारी गई। दोनों युवक घायल होने की वजह से रात के अंधेरे में हमलावरों को देख नहीं पाए। पीड़ितों के परिजन भी इस हमले के बाद से सहमे हुए हैं।
एक की हालत नाजुक
इस हमले में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया। मुस्तकीम की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। अभी तक हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पर पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है।
आम होती गोलीबारी की घटनाएं
सूबे में गोलीबारी की घटनाएं आम सी हो गई है। बदमाश सरेराह ही लोगों को शिकार बना रहे है। बीते दिनो बक्सर जिले से ही एक ऐसा मामला सामने आया था। बदमाशों ने डुमराव राजघराने के प्रबंधक पर दिनदहाडे गोलीबारी कर दी थी। इस हमले में मौके पर ही प्रबंधक दिनेश श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। पुलिस इस घटना के आरोपियों को पकडने के प्रयास कर रही है। इस हत्या के राज पर से अभी पर्दा नहीं उठ पाया है।