मुजफ्फरपुर

Crime News: मुजफ्फरपुर में लूट का विरोध करने पर ज्वेलरी व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

Crime News:  मुजफ्फरपुर में लूट का विरोध करने पर बाइक सवार दो अपराधियों ने आभूषण व्यवसायी दीपक कुमार गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के माधोपुर चौक के पास हुई।
2 min read
muzaffarpur jewellery businessman shot dead
ज्वेलरी व्यवसायी की हत्या के बाद एकत्रित लोग

Crime News मुजफ्फरपुर में लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की ओपी अंतर्गत माधोपुर चौक के पास की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद अपराधी व्यवसायी के पास से गहनों से भरा थैला भी लूटकर फरार हो गए। अपराधियों ने कारोबारी को सीने और कमर में गोली मारी। मृतक की पहचान कच्ची पक्की थाना क्षेत्र के आभूषण व्यवसायी दीपक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे देर शाम दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे और उनके पास दुकान के कीमती जेवरातों से भरा एक झोला भी था।

सीएम के सख्ती वाले बयान के बाद लूट और हत्या

अपराधियों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और उनकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, अपराधी आभूषण व्यवसायी का उसकी दुकान से ही पीछा कर रहे थे। व्यवसायी अपने घर पहुंचने ही वाले थे कि रास्ते में अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और आभूषण लूटकर फरार हो गए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गया में कहा था कि अधिकांश अपराधी बिहार छोड़ चुके हैं और जो बचे हैं, उनके खिलाफ पुलिस जल्द सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के कुछ ही समय बाद मुजफ्फरपुर में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुरानी लूट कांड की याद ताजा

माधोपुर सुस्ता चौक पर पिछले वर्ष भी आभूषण व्यवसायी धर्मेंद्र कुमार की दुकान से अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 18 लाख रुपये के गहनों की लूट की थी। उस मामले में भी पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है।

वहीं, सोमवार को हुई ताजा घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच लूट, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा जाएगा।

Updated on:
16 Jun 2026 12:01 pm
Published on:
15 Jun 2026 10:06 pm