
(मुजफ्फरपुर): मुजफ्फरपुर के बालिका गृह में लड़कियों के यौन शोषण मामले की गूंज लोकसभा सदन से लेकर बिहार की विधानसभा तक सुनाई दी। इधर लोकसभा में जनअधिकार पार्टी के सांसद पप्पू यादव ने इस मामले को संसद में उठाया और मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग रखी वहीं विधानसभा के बाहर मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों ने इस मामले के विरोध में विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।
यौन शोषण का हुआ था खुलासा
मुजफ्फरपुर बालिका गृह यानी केयर होम में यौन शोषण का खुलासा टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज ने यहां की सोशल ऑडिट रिपोर्ट में किया था। रिपोर्ट मेें कहा गया कि इस शेल्टर होम में 21 से अधिक नाबालिग लड़कियां देह शोषण का शिकार हुई। इस वर्ष एक जून को चौंकाने वाले सच तब सामने आने लगे जब समाज कल्याण विभाग के आदेश पर बालिका गृह चलाने वाले एनजीओ सेवा संकल्प एवं विकास समिति के संचालकों पर मुजफ्फरपुर के जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ने पॉक्सो और यौन उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कराया। जांच में पुष्ट हो चुकी है कि ज्यादातर लड़कियों का यौन शोषण किया जाता रहा।
कई कर्मचारी भी जेल में
इस बहुचर्चित मामले में सेवा संकल्प एवं विकास समिति नामक संचालन कर्ता एनजीओ के रसूखदार ब्रजेश ठाकुर समेत ग्यारह आरोपी जेल में हैं। इनमें आठ महिलाएं भी हैं। इनमें बाल कल्याण समिति के एक सदस्य विकास और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी वि रौशन भी जेल के अंदर हैं। जबकि एक और अधिकारी दिलीप वर्मा समेत दो कर्मचारी अभी फरार चल रहे हैं।
लोकसभा में उठा मामला
मुजफ्फरपुर बालिका गृह में यौन शोषण और लड़कियों की प्रताड़ना की गूंज संसद में भी सुनी गई। जन अधिकार पार्टी के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस बहुचर्चित मामले को लोकसभा में प्रमुखता से उठाया। पार्टी इस मामले को लेकर लगातार आंदोलनरत है। पप्पू यादव ने इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग रखी। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित बालिका गृहों में यौन शोषण के मामले को लेकर विपक्षी आरजेडी भी आक्रामक है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के मौन को तोड़ने की खूब कोशिश की है। लेकिन सरकार पूरी तरह खामोश बनी हुई है। वहीं राजद नेता विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।