नागौर

Nagaur: होटल पर पुलिस का छापा, 3 बांग्लादेशी और 1 बिहार की महिला गिरफ्तार, पूछताछ के बाद हो सकता है नया खुलासा

Rajasthan Crime: कुचामन सिटी के एक होटल पर पुलिस ने छापा मारकर 3 बांग्लादेशी और 1 बिहार निवासी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस इनके दस्तावेजों, भारत आने के तरीके और स्थानीय संपर्कों की जांच कर रही है।
2 min read
Jul 14, 2026
kuchaman city hotel Raid
पुलिस ने होटल में मारा छापा (फोटो: पत्रिका)

Police Raid In Kuchaman City Hotel: पुलिस ने कुचामन शहर के एक होटल पर छापा मारा। यहां से तीन बांग्लादेशी और एक बिहार की महिला मिली। जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर कई घंटे पूछताछ की, इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया। विदेशी महिलाओं को होटल में ठहराने के मामले के साथ अन्य पहलुओं से भी जांच शुरू की गई है। पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित नावां चौराहे के पास स्थित एक होटल एंड रेस्टोरेंट की तलाशी ली। पुलिस ने होटल को चारों तरफ से घेर कर कार्रवाई की। होटल के कमरों में 3 बांग्लादेशी तथा 1 बिहार की रहने वाली महिला मिली। चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है। ऐसे में जल्द ही कुछ नया खुलासा होने की संभावना है।

नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

कार्रवाई के दौरान तीन बांग्लादेशी महिलाएं मिलने पर पुलिस इनके पासपोर्ट, वीजा, आधार कार्ड, पहचान पत्र और भारत में प्रवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे भारत कैसे पहुंचीं, उन्हें यहां कौन लेकर आया और वे यहां कैसे पहुंचीं। यहां किन-किन स्थानीय लोगों से इनका कनेक्शन है।

दूसरी जगह से मिला इनपुट

पुलिस सूत्रों के अनुसार किसी अन्य जगह से पुलिस को इसकी सूचना लगी। इसके बाद स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई और होटल की निगरानी शुरू की। खुफिया तौर पर पुख्ता होने पर रात को छापा मारकर तलाशी ली गई। जांच एजेंसियों की नजर अब होटल संचालक, मैनेजर, बुकिंग कराने वाले एजेंटों सहित पूरे नेटवर्क और इसके स्थानीय कनेक्शनों पर है। सीआइडी और पुलिस की टीमें दिनभर होटल कर्मियों और महिलाओं से पूछताछ करती रही। होटल में ये गतिविधियां कब से संचालित हो रही थी और इनके पीछे कौन लोग है इसकी पूरी कुंडली तैयार की जा रही है।

पुलिस कर सकती है बड़ा खुलासा

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। कुचामन शहर के स्टेशन रोड जैसे व्यस्त क्षेत्र में होटल पर देर रात हुई कार्रवाई की चर्चादिनभर शहर में रही। माना जा रहा है कि पुलिस इस मामले में कोई बड़ा खुलासा करेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर के कई होटलों में छोटे-छोटे कैबिन (कमरे) बनाए हुए है। जहां विश्राम के लिए बैड लगे हुए है।

दो माह से ठहरी हुई थी विदेशी महिलाएं

पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़ी गई तीन विदेशी महिलाएं यहां करीब दो महीने से ठहरी हुई थी। इनके नाम से फर्जी दस्तावेज भी बनाए होने की आशंका है। बांग्लादेशी महिलाएं ढाका (बांग्लादेश) की निवासी है।

Updated on:
14 Jul 2026 12:51 pm
Published on:
14 Jul 2026 12:47 pm