
नागौर/रूण. गांव के खेल मैदान में सोमवार से श्रीमद्भागवत कथा आरम्भ हुई। कथा से पूर्व कलश यात्रा निकाली गई। कथा आयोजक भागवत सेवा ट्रस्ट और लखारा परिवार की ओर से भोमिया सा मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में गांव के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते चल रही थीं। ड्रोन कैमरे के माध्यम से आकाश से पुष्प वर्षा की गई। आयोजक ताराचंद पुखराज लखारा ने बताया कि कई श्रद्धालुओं ने रास्ते में ठंडे पानी और आइस्क्रीम की मनुहार की। इस दौरान आयोजक लखारा परिवार सिर पर भागवत कथा लेकर चल रहा था। गुरु के बिना भवसागर से पार होना असंभव है। गुरु रूपी नौका में सवार होकर मानव इस अज्ञान रूपी भवसागर से पार उतर सकता है। यह बात संत हेतमराज ने अपने प्रवचनों में कहीं। उन्होंने कहा कि जहां पर श्रद्धा व सत्संग होता है वहां संत व ईश्वर का आना निश्चित है। भागवत प्रवचन करते हुए विश्व की सबसे छोटी आयु की कथा वाचिका देवी ममता ने श्रद्धालुओं को भागवत का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा के लिए गोमाता के चरणों में भगवान के नाम का गुणगान करते हैं तो उसको सौ गुना फल मिलता है। इसी के साथ भागवत कथा में राजा परीक्षित कथा ,धुधकारी कथा और महाभारत प्रसंग बताया। कथा के दौरान भीष्म पितामह की बाणसैया पर दिव्य झांकी सजाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आस-पास के गांवों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रवेशोत्सव को लेकर निकाली रैलियां
निकटवर्ती गांव बासनी में सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत सोमवार को प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस दौरान ग्रामीणों में जागरुकता के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय बासनी की प्रधानाध्यापक ममता खोजा ने बताया कि प्रभात फेरी क में शामिल छात्राओं का अभिनंदन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय बाराणी में भी रैली निकाली गई। प्रधानाचार्य मगनाराम गोदारा ने बताया कि व्याख्याता शिम्भुराम चोटिया व श्रवणराम खुडख़ुडिय़ा के नेतृत्व में रैली निकाली। जिन्होंने अपन हाथों में घोष वाक्य लिखी तख्तियों ली हुई थी। इस अवसर पर शिक्षक जेताराम तंवर, अनिता सींवर, रंजना चौधरी, कमला गुर्जर, प्रतिभा चौधरी मौजूद रहे।