नागौर

चुनावी साल में राजस्थान के इस जिलें को मिला बड़ा तोहफा, अब इस कार्य के लिए हुई करोड़ों रुपए की घोषणा

चुनावी साल में राजस्थान के इस जिलें को मिला बड़ा तोहफा, अब इस कार्य के लिए स्वीकृत होंगे करोड़ों रुपए  
2 min read
• •
Updated: 20 May 2018, 4:53 AM IST
cm raje
cm raje

नागौर ।

प्रदेश में केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी ने नागौर को नई सौगात दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री सीआर चौधरी शनिवार को कुंडल सरोवर का जायजा लेने पहुंचे। यहां समारोह के दौरान उन्होंने राज्यसभा सांसद की ओर कुंडल विकास के लिए शीघ्र ही 10 लाख रुपए दिलवाने के साथ ही डीपीआर के प्रथम फेज के तहत मुख्यमंत्री से चर्चा करके करीब 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिलाया।

समारोह के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने कुंडल सरोवर के स्वरूप को निखारने के लिए बनी डीपीआर पर चर्चा करते हुए कहा कि जुलाई माह तक प्रथम चरण के कार्यों को लेकर राज्य सरकार की ओर से करीब 3 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करवा दी जाएगी और वर्षा ऋतु आने से पहले कोशिश की जाएगी कि करीब तीन करोड़ रुपए के कार्य भी कुंडल सरोवर विकास के लिए करवा लिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कुंडल सरोवर यदि वास्तव में अपनी पुरानी दशा में आ जाता है, तो मेड़ता शहर के लिए पानी की कोई कमी नहीं रहेगी।

यह सरोवर बहुत बड़ा होने से झील का काम करेगा और पर्यटन की दृष्टि से भी मेड़ता बहुत ज्यादा विकसित होगा। इस सरोवर के विकास के लिए राजसमंद सांसद की ओर से 21 लाख, मेड़ता विधायक की ओर से अपने कोष से 5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए है। राज्यसभा सांसद और केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री अल्फोंस कन्ननथनम की ओर से भी 10 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाई जाएगी।

हालांकि कुंडल विकास के लिए साढ़े 19 करोड़ रुपए की डीपीआर के सामने यह राशि काफी छोटी है, मगर शीघ्र ही इसके पहले चरण के लिए सीएम से चर्चा करके करीब 3 करोड़ रुपए स्वीकृत करवाए जाएंगे, ताकि बारिश से पहले सरोवर की संपूर्ण खुदाई के साथ और भी कच्चे-पक्के कार्य करवा लिए जाए।

कुंडल विकास में नहीं आएगी धन की कमी

केंद्रीय राज्य मंत्री सीआर चौधरी ने पालिकाध्यक्ष रूस्तम प्रिंस, उपाध्यक्ष रामसुख मुंशी, एसडीएम हीरालाल मीणा, ईओ श्रवणराम चौधरी, कुंडल धाम सेवा समिति के सदस्यों के साथ कुंडल सरोवर पर चल रहे खुदाई कार्य का अवलोकन भी किया। उन्होंने शहर की जनता की पहल पर प्रशासन और कुंडल धाम सेवा समिति की ओर से करवाए जा रहे इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कुंडल पर चल रहे विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

भामाशाहों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान कुंडल सरोवर विकास के लिए आर्थिक सहायता व सहयोग देने वाले एसडीएम मीणा, पालिकाध्यक्ष प्रिंस, उपाध्यक्ष मुंशी, ईओ चौधरी, माणक दरक, बाबूलाल खदाव, डॉ. अमित सोनगरा, नंदकुमार अग्रवाल, किशन सिंह खिंदास, मुकेश जोशी, राधेलाल, नंदकिशोर जोशी, देवेंद्र गौरा, कैलाश सिंह गहलोत, रमेश दायमा, शिवलाल बाना, सियाराम जाजड़ा, हारुन रिजवी, दिनेश सांखला, उमा शर्मा रजत, पार्षद पुष्पा दैय्या, सीपी बिड़ला, एडवोकेट विमलेश व्यास, शौकत भाटी, अमित टाक सहित भामाशाहों का सम्मान किया गया।

Published on: