नागौर

मेड़ता से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का किसानों से बड़ा वादा, नागौर को देंगे पेयजल योजना की बड़ी सौगात

CM Bhajanlal Sharma Merta visit: मेड़ता में राव दूदा प्रतिमा अनावरण समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर जिले में पानी की उपलब्धता बढ़ाने और किसानों को वर्ष 2027 तक दिन में बिजली देने की बात कही।

2 min read
May 14, 2026
CM Bhajanlal Sharma Merta visit
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री और सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

नागौर/मेड़ता। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेड़ता में आयोजित राव दूदा प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राव दूदा ने केवल वीरता का परिचय ही नहीं दिया, बल्कि समाज को दिशा देने का कार्य भी किया। उन्होंने कहा कि मेड़ता की प्रतिष्ठा बढ़ाने में राव दूदा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस दौरान उन्होंने किसानों से भी बड़ा वादा किया।

यह वीडियो भी देखें

रक्षा मंत्री का राजस्थान से विशेष लगाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री का राजस्थान से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत छोटे से लेकर बड़े रक्षा उपकरण स्वयं तैयार कर रहा है और दूसरे देशों को भी उनका निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरे देश ने भारत की ताकत और सेना के पराक्रम को देखा। राजस्थान की धरती के कण-कण में वीरता और साहस समाया हुआ है।

तैयार हो रहा विकास का रोडमैप

उन्होंने प्रदेश में बन रहे विभिन्न पैनोरमा का उल्लेख करते हुए कहा कि ये केवल स्मारक नहीं हैं, बल्कि इतिहास और संस्कृति को जीवित रखने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खरनाल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। राज्य में सरकार बनने के बाद विकास का रोडमैप तैयार किया गया और सबसे पहले पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर काम शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इस योजना में नागौर जिले को भी प्राथमिकता से शामिल किया गया है।

किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य

किसानों के हितों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाना है। इसके लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है ताकि किसानों को सिंचाई में राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है और इसी उद्देश्य से ग्राम विकास रथ अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ग्लोबल मीट आयोजित होने वाली है, जिसमें राजस्थान के विकास और निवेश को नई दिशा दी जाएगी।

चार वर्गों के विकास को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान, मजदूर, युवा और महिला इन चार वर्गों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। इन सभी वर्गों का विकास ही राजस्थान के समग्र विकास का आधार बनेगा। युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने चार लाख नौकरियां देने का वादा किया था, जिसमें से अब तक सवा लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Updated on:
14 May 2026 04:24 pm
Published on:
14 May 2026 04:08 pm