
फाइल फोटो- पत्रिका
अजमेर। राजस्थान के अजमेर से मुंबई और दौंड (पुणे जिला) के लिए तीन नई साप्ताहिक ट्रेनों के संचालन को स्वीकृति मिल गई है। अजमेर संसदीय क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के प्रयासों और अनुशंसा के बाद यह स्वीकृति मिली है। नई ट्रेनों के शुरू होने से अजमेर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह वीडियो भी देखें
भागीरथ चौधरी ने बताया कि अजमेर से मुंबई के लिए दो नई साप्ताहिक ट्रेनों और दौंड के लिए एक नई साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी मिली है। ट्रेन संख्या 09621 और 09622 अजमेर-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। यह ट्रेन जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत मार्ग से होकर मुंबई पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 09625 और 09626 अजमेर-दौंड साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन जयपुर, कोटा, रतलाम और पूना मार्ग से दौंड तक जाएगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 09653 और 09654 अजमेर-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित की जाएगी।
चौधरी ने कहा कि नई रेल सेवाओं के शुरू होने से अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और पर्यटकों को सीधा फायदा मिलेगा। इससे राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। लोगों को यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के मौके पर शनिवार शाम 5:30 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भागीरथ चौधरी नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों से संवाद भी करेंगे। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अजमेर संसदीय क्षेत्र की जनता की तरफ से आभार जताया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई ट्रेनों के संचालन से त्योहारों, छुट्टियों और गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी। अजमेर से मुंबई और पुणे क्षेत्र तक यात्रा करने वाले लोगों को अब पहले की तुलना में अधिक विकल्प मिल सकेंगे। स्थानीय लोगों ने भी नई रेल सेवाओं की घोषणा पर खुशी जताई है।
Published on:
14 May 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
