नागौर

‘चिडिय़ा’ पर निशाना साधना मुफ्त में सिखा रहा बदनसीबी को हराने वाला ‘अर्जुन’

नि:शुल्क टे्रनिंग देकर कर रहा है खिलाड़ी तैयार, गंगानगर टीम के कोच सोहन गोदारा कर रहे मिसाल कायम
3 min read
• •
Updated: 25 Sep 2017, 12:25 PM IST
sports
62th badminton tournament

नागौर. बदनसीबी ने बचपन से ही हाथ थाम लिया। पांव का टेढ़ापन दिल को सालता रहा। मन्नतें कबूल नहीं हो पाईं। घर वालों के अथक प्रयास नाकामी की भेंट चढ़ गए। बावजूद इसके मुकाम तक चलते रहने का ही नाम है जिंदगी। कुछ कर गुजरने की हसरत ने तमाम मुश्किलों को बौना कर दिया। बदलते वक्त में पहचान तो मिली, लेकिन सरकारी सहयोग से वंचित है। इसके बाद भी नंगे पांव बैडमिंटन के खिलाडिय़ों को तैयार करने का जुनून उसकी दिव्यांगता पर हावी है। 29 वर्षीय कोच सोहन गोदारा टिप्स देने के हुनरमंद ऐसे हैं कि जो देख लेता है, अचरज में रह जाता है। जिले में चल रही 62 वीं राज्यस्तरीय माध्यमिक व उच्च माध्यमिक बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने आई गंगानगर टीम के कोच सोहन गोदारा का सपना स्काउट गाइड में सीओ बनने का है। इसकी परीक्षा भी दे चुके हैं।
पिता का ख्वाब
सोहन के पिता कृष्ण कुमार सोहन को कहते हैं कि पैसा कुछ नहीं, देश सबसे पहले। ऐसा करो जिससे देश का नाम रोशन हो। सोहन बताता है कि उन्हीं की तमन्ना पूरी करने में लगा हूं। तैयार खिलाड़ी अपने साथ समाज व देश का नाम अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें यही मेरी फीस है।
मुफ्त ट्रेनिंग, रोजाना खुद देते हैं किराया
गोदारा रोजाना हनुमानगढ़ के कोहला गांव से गंगानगर तक आने-जाने का 180 किमी सफर करते हैं। छात्र छात्राओं को बैडमिंटन की टे्रनिंग देने के लिए अपनी जेब से किराया देते हैं। ट्रेनिंग भी मुफ्त। किसी को उनका त्याग दिख ही नहीं रहा। परिवार के सभी लोग स्पोर्ट करते है। गोदारा ने बताया कि गंगानगर में टे्रनर एक-एक से तीन हजार रुपए तक शुल्क लेते है जो गलत है। उनसे भी कहते हैं कि मुफ्त में मत करो ट्रेन्ड, पैसे लो, लेकिन मुझे यह अच्छा नहीं लगता। सोहन गोदारा एक सामान्य किसान परिवार से है। तीन भाइयों में अपने सबसे बड़ा भाई इलेक्ट्रोनिक की दुकान पर बैठता है। दूसरा भाई भेड़-बकरी चराता है। पिता कृष्ण कुमार गोदारा खेती का कार्य करते हैं। मां गृहिणी होने के साथ खेल में मदद करती है।
अपने दम पर की तैयारी
गोदारा ने बताया कि वह कॉलेज में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने विकलांग होने की वजह से उनको खेलने से मना कर दिया। जिद के चलते गोदारा ने खुद के पैसों से बैडमिंटन रेकेट खरीदा और कंकरीट में अभ्यास करते व पूरे-नियम कायदे ऑनलाइन वीडियो देख सीखे। मां का पूरा सहयोग रहता था। बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया व जीत हासिल की। खिलाड़ी तैयार कर उन्होंने प्रशासन को बताया कि मेहनत करने वालों की हार नहीं होती। गोदारा ने राष्ट्रीय स्तर की पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता बेंगलुरु में दो सिल्वर मेडल जीते थे।

पढ़ाई में भी अव्वल
गोदारा ने दसवीं बोर्ड में 72 प्रतिशत, बारहवीं में 76, बीए में 78, एमए हिन्दी 62, एमए संस्कृत 65, एमए सोसोलॉजी 66, बीएड में 76 प्रतिशत अंक हासिल किए है व एमएड की पढ़ाई चल रही है। आपदा प्रबन्ध की भी डिग्री कर रखी है। 16 सितम्बर 2007 को राऊसर हनुमानगढ़ में बादल फटने की आपदा पर उत्कृष्ट सेवा देने के चलते हनुमानगढ़ कलक्टर मुग्धा सिन्हा द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। 16 जून 2013 को उत्तराखण्ड में आपदा आने पर भी मदद कर चुके हैं।
तैयार कर रहा खिलाड़ी
गोदारा ने हनुमागढ़ से 28-22 खिलाडिय़ों को राज्य स्तर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया वहीं इस बार गंगानगर में पांच खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण दिया वहीं पांचों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे है । एक खिलाड़ी रीतू का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ। पैर की नस फटने के कारण हिस्सा नहीं ले पाई। खिलाड़ी असविदंर कौर, तानिया गांधी, सपना ने बताया कि सर की ट्रेनिंग काबिले तारिफ है। उनकी बदौलत ही हम यहां तक पहुंच पाए हैं। सर का सपना जरूर पूरा करेंगे और देश का नाम अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

Updated on:
25 Sep 2017, 12:25 PM IST
Published on: